बस्तर संभाग के सहायक शिक्षकों की अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी , 11 अप्रैल तक दावा-आपत्ति का मौका

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

Mar 30, 2026 - 21:15
बस्तर संभाग के सहायक शिक्षकों की अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी ,  11 अप्रैल तक दावा-आपत्ति का मौका
CG VARTA -

जगदलपुर, 30 मार्च 2026/ शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक द्वारा सहायक शिक्षक एलबी (ई एवं टी संवर्ग) की प्रतीक्षित अनंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। 01 अप्रैल 2025 की स्थिति के आधार पर तैयार की गई इस संभाग स्तरीय सूची में स्नातक, स्नातकोत्तर और प्रशिक्षित श्रेणी के शिक्षकों को शामिल किया गया है। विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त डेटा के संकलन के पश्चात यह सूची तैयार की गई है, जो अब शिक्षकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध है।

      इस प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने सहायक शिक्षकों को अपनी आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर भी प्रदान किया है। संबंधित शिक्षक सूची में अंकित किसी भी त्रुटि या विसंगति के विरुद्ध 11 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक विकासखंड अथवा जिला स्तर पर अपनी दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के पश्चात किसी भी प्रकार के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे, इसलिए शिक्षकों को समय रहते विवरण की जांच करने की सलाह दी गई है। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूर्ण होने के तुरंत बाद संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्राप्त आवेदनों का सूक्ष्मता से परीक्षण एवं निराकरण करें। इसके पश्चात संशोधित डेटा के साथ अंतिम सूची तैयार कर 13 अप्रैल 2025 तक अनिवार्य रूप से संयुक्त संचालक कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। यह वरिष्ठता सूची भविष्य में होने वाली पदोन्नति और अन्य विभागीय कार्यों के लिए मुख्य आधार बनेगी।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।