लोहण्डीगुड़ा मण्डल में हनुमान जन्मोत्सव पर अटल सदन भवन का भूमिपूजन संपन्न

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

Apr 2, 2026 - 17:46
लोहण्डीगुड़ा मण्डल में हनुमान जन्मोत्सव पर अटल सदन भवन का भूमिपूजन संपन्न
CG VARTA -

2 अप्रेल 2026, जगदलपुर/आज पावन अवसर हनुमान जी के जन्मोत्सव के शुभ दिन पर लोहण्डीगुड़ा मण्डल में अटल सदन भवन के निर्माण हेतु विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक श्री विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण रहा, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति देखने को मिली।

      कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। पुरोहितों द्वारा शुभ मुहूर्त में भूमि पूजन कराया गया, जिसके पश्चात विधायक श्री गोयल ने नारियल फोड़कर एवं पूजा-अर्चना कर अटल सदन भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने जय श्री राम एवं बजरंगबली के जयकारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

       

अपने संबोधन में विधायक श्री विनायक गोयल ने कहा कि अटल सदन भवन का निर्माण क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित कार्यों को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन न केवल विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि यहां युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि यह भवन उनके विचारों एवं सेवा भावना को आगे बढ़ाने का एक छोटा सा प्रयास है।

      विधायक श्री गोयल ने आगे कहा कि हनुमान जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर इस कार्य का शुभारंभ होना अत्यंत शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान शक्ति, भक्ति और सेवा के प्रतीक हैं, और उनके आशीर्वाद से यह भवन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

      कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस पहल की सराहना की। सभी ने एक स्वर में कहा कि अटल सदन भवन बनने से क्षेत्र को एक सशक्त मंच मिलेगा, जहां विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। इससे आपसी समन्वय एवं सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलेगा।

     इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के जन्मोत्सव पर पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति द्वारा उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

     अंत में विधायक श्री विनायक गोयल ने सभी क्षेत्रवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सदैव जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है, और इसी के बल पर वे विकास की नई ऊंचाइयों को छूने का संकल्प लेते हैं।

    इस अवसर पर पूर्व विधायक लच्छुराम कश्यप जी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी जी, मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप जी, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप जी, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप जी, पूर्व मण्डल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर जी, मण्डल प्रभारी नारायण सिंह ठाकुर जी, देवीप्रसाद वेंजाम जी, लच्छिन यादव जी, तुलु राम कश्यप जी, बलीराम बघेल जी, रामप्रसाद कुटारे जी, कृष्ण ठाकुर जी, सावेन्द्र सेठिया जी, भरत कश्यप जी, नरेश खापडे़ जी, दामुधर कश्यप जी, एवं अन्य जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।

संपादक –जय शंकर पांडे 

मो.–9770707305

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।