जगदलपुर में 'फिट बस्तर-हिट बस्तर' अभियान के तहत 21 दिवसीय योग शिविर का आगाज़ 21 अप्रैल को

प्रकृति की गोद में गूँजेगा योग का मंत्र

Apr 19, 2026 - 18:47
जगदलपुर में 'फिट बस्तर-हिट बस्तर' अभियान के तहत 21 दिवसीय योग शिविर का आगाज़ 21 अप्रैल को
CG VARTA -

जगदलपुर, 19 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की जा रही है। वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बस्तर वन मंडल और पतंजलि योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में "फिट बस्तर-हिट बस्तर" अभियान के अंतर्गत 21 दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 'स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ तन और शांत मन' के मूल मंत्र को समर्पित यह विशेष आयोजन आगामी 21 अप्रैल से शहर के जनजातीय गौरव वाटिका में प्रारंभ होने जा रहा है। अगले 21 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में प्रतिदिन प्रातः 06 बजे से 07:30 बजे तक योगाभ्यास की कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जहाँ प्रतिभागी अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योग और प्राणायाम की विभिन्न विधाओं को सीखेंगे। 

           डीएफओ श्री उत्तम कुमार गुप्ता ने ई बारे में बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बस्तर के नागरिकों को न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने पहल करना है बल्कि उन्हें मानसिक शांति और प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारी का बोध कराना भी है। वर्तमान की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनावमुक्त जीवन जीने के लिए योग एक अनिवार्य आवश्यकता बन गई है और जनजातीय गौरव वाटिका का शांत वातावरण इस अभ्यास के लिए सर्वोत्तम स्थान सिद्ध होगा।

            डीएफओ श्री गुप्ता ने सभी नागरिकों और योग प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनकर स्वयं को सेहतमंद बनाए रखने के सजग प्रयास करें।यह योग शिविर बस्तरवासियों के लिए एक ऐसा मंच होगा जहाँ वे प्रकृति की शुद्ध वायु के बीच योग के माध्यम से अपनी जीवनशैली को सकारात्मक बना सकेंगे। स्थानीय प्रशासन को पूर्ण विश्वास है कि 21 दिनों का यह निरंतर अभ्यास बस्तर में एक नई स्वास्थ्य क्रांति की शुरुआत करेगा।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।