बेटियों को मिला कैंसर से सुरक्षा का कवच, बिंता पीएचसी में किशोरी बालिकाओं का हुआ विशेष एचपीवी टीकाकरण

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

May 28, 2026 - 20:54
बेटियों को मिला कैंसर से सुरक्षा का कवच, बिंता पीएचसी में किशोरी बालिकाओं का हुआ विशेष एचपीवी  टीकाकरण
CG VARTA -

जगदलपुर, 28 मई 2026/ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तत्वावधान में ब्लॉक लोहंडीगुड़ा के अंतर्गत दूरस्थ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंता में किशोरी बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए एक विशेष टीकाकरण सत्र का आयोजन बुधवार को किया गया। इस विशेष अभियान को गति देने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने न केवल टीकाकरण की बारीकियों को देखा, बल्कि मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान डॉ. मैत्री ने वैक्सीन लगवाने आईं बालिकाओं और उनके परिजनों से सीधा संवाद कर उनका हौसला और उत्साह बढ़ाया।

          जिले के दूरस्थ इलाके के इस टीकाकरण केंद्र पर उपस्थित जनसमुदाय, बालिकाओं और उनके अभिभावकों को जागरूक करते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने ह्युमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि यह टीका केवल एक सामान्य वैक्सीन नहीं है, बल्कि हमारी बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की गारंटी है। भविष्य में यह टीका महिलाओं को होने वाले विभिन्न घातक कैंसर जैसे सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर), ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर), यूट्रस कैंसर (गर्भाशय का कैंसर) और मुख (ओरल) कैंसर से बचाने में बेहद कारगर साबित होता है।

 उन्होंने जोर देकर कहा कि सही उम्र में यह वैक्सीन लगने से भविष्य की गंभीर बीमारियों का खतरा लगभग खत्म हो जाता है।इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले ने क्षेत्र के सभी जागरूक अभिभावकों से पुरजोर अपील की है कि वे अपनी 9 से 14 वर्ष तक की किशोरी बालिकाओं को यह सुरक्षा कवच अवश्य लगवाएं, क्योंकि यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित, जांचा-परखा और अत्यधिक प्रभावी है। बिंता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित इस विशेष सत्र को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, क्षेत्र के मैदानी स्वास्थ्य अमले एवं मितानिनों और स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा, जिनके सामूहिक और निरंतर प्रयासों से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।