अभेद किला बरकरार: इंदिरा वार्ड उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी की ऐतिहासिक जीत

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

Jun 4, 2026 - 16:06
अभेद किला बरकरार: इंदिरा वार्ड उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी की ऐतिहासिक जीत
CG VARTA -

4 जून 2026, जगदलपुर। इंदिरा वार्ड नगर निगम उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर अपना परचम लहराते हुए अपने इस अभेद किले को बरकरार रखा है। बेहद उतार-चढ़ाव और कड़े मुकाबले के बीच कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए भारतीय जनता पार्टी भाजपा के प्रत्याशी को 436 मतों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी है। कांग्रेस की इस शानदार और एकतरफा जीत से कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।

  इस ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस उपचुनाव को जीतने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, बस्तर महाराज और नगर निगम के महापौर समेत पूरी सरकारी मशीनरी ने चुनाव प्रचार में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था।भाजपा नेताओं ने चुनाव जीतने के लिए धन, बल, सत्ता और प्रशासनिक तंत्र का खुला दुरुपयोग किया। इसके बावजूद वे इंदिरा वार्ड की जागरूक जनता को डिगा नहीं पाए। जनता ने भाजपा के अहंकार और दमनकारी राजनीति को नकारते हुए कांग्रेस के किए हुए विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है।

सुशील मौर्य ने आगे कहा कि इंदिरा वार्ड की जनता के दिलों में आज भी पूर्व पार्षद दिवंगत रशीद खान की यादें और उनके द्वारा किए गए कार्य जिंदा हैं। वार्ड की देवतुल्य जनता ने कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी के पक्ष में एकतरफा मतदान कर वास्तव में अपने चहेते पूर्व पार्षद रशीद खान को एक सच्ची और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। यह जीत रशीद खान के अधूरे सपनों और वार्ड के विकास को आगे बढ़ाने की जीत है।

     साथ ही इस बड़ी सफलता का श्रेय संगठन की मजबूती को देते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि शहर जिला कांग्रेस के नेतृत्व में, चुनाव प्रभारीद्वय के कुशल मार्गदर्शन और समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं की दिन-रात की सशक्त मेहनत, बूथ स्तर की रणनीति और एकजुटता के कारण ही आज कांग्रेस ने इस गढ़ को सुरक्षित रखा है। कांग्रेस का एक-एक सिपाही इस जीत का हकदार है।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य और नवनिर्वाचित पार्षद रामकृष्ण तिवारी ने इंदिरा वार्ड की देवतुल्य जनता, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, और अग्रिम संगठन के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास दिलाया है कि इंदिरा वार्ड के विकास की गति को रुकने नहीं दिया जाएगा और जनता के इस भरोसे पर कांग्रेस हमेशा खरी उतरेगी।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।