लखपति दीदी विद्या साहू ने बदली अपनी तकदीर, बेकरी-नमकीन व्यवसाय से लिखी सफलता की नई कहानी

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

Jun 9, 2026 - 21:44
लखपति दीदी विद्या साहू ने बदली अपनी तकदीर, बेकरी-नमकीन व्यवसाय से लिखी सफलता की नई कहानी
CG VARTA -

जगदलपुर, 09 जून 2026/ जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंगनपुर निवासी विद्या साहू आज ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और मेहनत की मिसाल बन गई हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़कर उन्होंने न केवल अपना स्वरोजगार स्थापित किया, बल्कि अपनी मेहनत और लगन के दम पर परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाया है।

       विद्या साहू ने बेकरी एवं नमकीन निर्माण का व्यवसाय शुरू किया। शुरुआत भले ही छोटे स्तर से हुई, लेकिन उनके उत्पादों की गुणवत्ता और स्वाद ने जल्द ही स्थानीय बाजार में अपनी पहचान बना ली। वर्तमान में उनके द्वारा तैयार किए जाने वाले बेकरी और नमकीन उत्पादों की अच्छी मांग है। यही कारण है कि वे आसपास के व्यवसायियों और छोटे किराना दुकानदारों को नियमित रूप से अपने उत्पादों की आपूर्ति कर रही हैं।

       बेकरी व्यवसाय के साथ-साथ विद्या सिलाई-कढ़ाई का कार्य भी करती हैं, जिससे उनकी आय में और वृद्धि हुई है। उनके पति प्रतीक साहू भी हर कदम पर उनका सहयोग करते हैं। खेती-किसानी से जुड़े प्रतीक अपने दो एकड़ कृषि भूमि पर उन्नत कृषि कार्य कर परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।

       विद्या बताती हैं कि उनके व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 12 से 15 हजार रुपये की आमदनी हो रही है। इस अतिरिक्त आय से वे अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही हैं। इतना ही नहीं अपनी कमाई से उन्होंने आभूषण एवं एक स्कूटी भी खरीदी है, जिससे उनके कार्यों में सुविधा और आत्मविश्वास दोनों बढ़े हैं।

      आज विद्या साहू का परिवार आर्थिक रूप से पहले से अधिक सशक्त और खुशहाल है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि यदि महिलाओं को अवसर, प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन मिले तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। विद्या की यह प्रेरणादायक सफलता ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गई है।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।