अवैध धान रोकने और केंद्रों के निरीक्षण हेतु कलेक्टर का सख्त आदेश, धान खरीदी को पारदर्शी बनाने के लिए डिप्टी कलेक्टरों सहित 8 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई

Dec 2, 2025 - 20:30
अवैध धान रोकने और केंद्रों के निरीक्षण हेतु कलेक्टर का सख्त आदेश,  धान खरीदी को पारदर्शी बनाने के लिए डिप्टी कलेक्टरों सहित 8 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई
CG VARTA -

जगदलपुर, 02 दिसम्बर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को अवैध गतिविधियों से मुक्त और पारदर्शी रखने के लिए कलेक्टर श्री हरिस एस ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार इस वर्ष धान खरीदी का कार्य 15 नवम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक निर्धारित है। धान उपार्जन की इस अवधि के दौरान पड़ोसी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर खरीदी केन्द्रों में विक्रय किए जाने की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए शासन के निर्देशानुसार जिले के सीमावर्ती जांच नाकों और प्रवेश मार्गों पर अवैध धान के आवक पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही धान खरीदी केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं के आकस्मिक निरीक्षण हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस दल में डिप्टी कलेक्टर सुश्री हीरा गवर्ना, सुश्री नंदिनी साहू एवं श्री सत्येन्द्र बंजारे, अधीक्षक भू-अभिलेख डॉ. मोहनलाल भारद्वाज एवं श्री पंकज बघेल और सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख श्री बृजभूषण देवांगन, श्री आशीष साहू व श्री राजेन्द्र नेताम शामिल हैं। इन अधिकारियों को नियमित रूप से जिले के धान खरीदी केंद्रों सहित सीमावर्ती जांच नाकों व प्रवेश मार्गों एवं कोचियों तथा बिचौलियों के परिसरों का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए तत्काल प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।