मालगांव पंचायत भवन में छत गिरी, 2 लड़कियां घायल: – सिलाई क्लास के दौरान टला बड़ा हादसा, मची अफरा-तफरी

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Jun 28, 2026 - 18:48
Jun 28, 2026 - 19:00
मालगांव पंचायत भवन में छत गिरी, 2 लड़कियां घायल: –  सिलाई क्लास के दौरान टला बड़ा हादसा, मची अफरा-तफरी
CG VARTA -

28 जून 2026, बकावंड/जगदलपुर। बकावंड विकासखंड के ग्राम पंचायत मालगांव में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। पंचायत भवन की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उस समय भवन के भीतर सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण चल रहा था, जिसमें 10 से 12 महिलाएं और लड़कियां मौजूद थीं। मलबे की चपेट में आने से दो लड़कियां घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, शासन की योजना के तहत पंचायत भवन में प्रतिदिन महिलाओं और युवतियों को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया जाता है। शनिवार को भी प्रशिक्षण जारी था, तभी अचानक छत का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसा बड़ा नहीं हुआ, अन्यथा कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

जनप्रतिनिधि ने जताई चिंता

जनपद पंचायत सदस्य नमिता भोलानाथ नाग ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रशिक्षण लेने आईं बहनों और बेटियों का घायल होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जिला प्रशासन से पंचायत भवन की तत्काल मरम्मत कराने और भवन सुरक्षित होने तक सिलाई केंद्र को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर संचालित करने की मांग की।

तस्वीरों में दिखी जर्जर व्यवस्था

घटना स्थल की तस्वीरों में छत का बड़ा हिस्सा टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। सरिया बाहर निकल आया है और फर्श पर मलबा फैला हुआ है। इससे पंचायत भवन की जर्जर स्थिति साफ नजर आ रही है।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि:

पंचायत भवन की तत्काल मरम्मत कर उसे सुरक्षित बनाया जाए।

घायल लड़कियों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए।

मरम्मत पूरी होने तक सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण किसी सुरक्षित भवन में संचालित किया जाए।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।