पीएटी और पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा जगदलपुर में शांतिपूर्ण संपन्न, 697 परीक्षार्थी हुए शामिल

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Jun 28, 2026 - 19:23
पीएटी और पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा जगदलपुर में शांतिपूर्ण संपन्न, 697 परीक्षार्थी हुए शामिल
CG VARTA -

जगदलपुर, 28 जून 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापमं) द्वारा आयोजित प्री-एग्रीकल्चर टेस्ट (पीएटी) और प्री-वेटेरिनरी पॉलिटेक्निक टेस्ट (पीवीपीटी) प्रवेश परीक्षा रविवार 28 जून को कड़ी सुरक्षा और सख्त अनुशासन के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा किए गए पुख्ता इंतजामों के कारण परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सुचारू रही। जगदलपुर शहर में इस परीक्षा के लिए कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर कॉलेज धरमपुरा, शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय धरमपुरा, शासकीय दन्तेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय शांति नगर और शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल शामिल थे। परीक्षा के लिए कुल 933 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 697 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 236 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

सुबह 10 बजे से दोपहर 01:15 बजे तक आयोजित हुई इस परीक्षा में शुचिता बनाए रखने के लिए बेहद कड़े सुरक्षा नियम लागू किए गए थे। सभी केंद्रों के मुख्य द्वारों पर परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सघन जांच की गई, जिसके बाद वीक्षकों द्वारा उनके मूल प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र का गहन सत्यापन किया गया। परीक्षा हॉल के भीतर सख्त ड्रेस कोड का पालन कराया गया, जिसके तहत छात्र हल्के कपड़ों और चप्पल पहनकर परीक्षा देने पहुंचे, क्योंकि केंद्र के भीतर जूता-मोजा, घड़ी, पर्स, मोबाइल, बेल्ट और किसी भी प्रकार के आभूषण (बाली या झुमके) ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध था।

इस महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में प्रशासनिक टीम की भूमिका बेहद सराहनीय रही। नोडल अधिकारी के रूप में डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा ने पूरी व्यवस्था पर अपनी पैनी नजर बनाए रखी। इसके साथ ही परीक्षा समन्वय की जिम्मेदारी डॉ. अनिल श्रीवास्तव और सहायक समन्वयक की कमान डॉ. अजय सिंह ठाकुर ने बखूबी संभाली, जिसके चलते जिले में बिना किसी बाधा के यह परीक्षा संपन्न हुई।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।