सहकारी ध्वजारोहण के साथ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर में ‘सहकारी सप्ताह’ का शुभारंभ

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Jun 29, 2026 - 20:36
सहकारी ध्वजारोहण के साथ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर में ‘सहकारी सप्ताह’ का शुभारंभ
CG VARTA -

29 जून 2026, जगदलपुर : सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 06 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे सहकारी सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर के प्रधान कार्यालय परिसर में सहकारी ध्वजारोहण के साथ हुआ।

      कार्यक्रम का शुभारंभ सहकारी ध्वजारोहण से हुआ। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से सहकारी ध्वजगीत का गायन किया और “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को साकार करने हेतु सहकारिता की शपथ ली।

      बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने अपने उद्बोधन में सहकारी सप्ताह के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सदस्यता अभियान से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू किए गए “सहकार से समृद्धि” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान सहकारिता क्षेत्र में नवाचार और विस्तार का मजबूत आधार बन रहा है। उन्होंने पैक्स, दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य नई सहकारी समितियों के गठन को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।

      बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने कहा कि ‘एक सब के लिए, सब एक के लिए’ यही सहकारिता का मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि सामूहिकता, विश्वास और सहभागिता की मजबूत नींव है।

     उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सामूहिकता की भावना के साथ सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए गांव-गांव और पंचायत स्तर तक सहकारिता की पहुंच सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में कम से कम एक सहकारी समिति का गठन किया जाना चाहिए, ताकि अधिकाधिक किसान, ग्रामीण और आमजन सहकारिता से जुड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल हो सकें।

        मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय द्वारा पैक्स कम्प्यूटरीकरण, बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के गठन और सुदृढ़ीकरण जैसे नवाचारों से किसानों को आधुनिक सुविधाएं मिल रही हैं, जिससे उनकी आय और व्यवसाय विस्तार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। साथ ही दुग्ध, मत्स्य, वनोपज और अन्य सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है।

         प्रदेश सह-संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ रंजीत पाण्डेय ने कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद देश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और गति मिली है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक सहकारी सदस्यता लेने तथा जनभागीदारी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सहकारिता रूपी वृक्ष को और अधिक विशाल एवं सशक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

        कार्यक्रम के अंत में बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुंवर सिंह ध्रुव ने सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सहकारी सप्ताह के दौरान निर्धारित सभी गतिविधियों का संचालन बैंक से संबद्ध पैक्स एवं लैंप्स समितियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर किया जाएगा, ताकि सहकारिता के सिद्धांत और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।