324 स्कूल, 16 हजार बच्चे और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम: भैरमगढ़ में न्योता भोज का महाअभियान

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Jul 24, 2026 - 16:56
324 स्कूल, 16 हजार बच्चे और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम: भैरमगढ़ में न्योता भोज का महाअभियान
CG VARTA -

बीजापुर, 24 जुलाई 2026/ जिले के विकासखंड भैरमगढ़ में शिक्षा विभाग की पहल पर सामाजिक सहभागिता और बच्चों के पोषण को केंद्र में रखकर एक साथ 324 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 'न्योता भोज महाअभियान' आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन में लगभग 16 हजार विद्यार्थियों को स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसा गया।

कलेक्टर विश्वदीप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नम्रता चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस महाअभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री पूरक पोषण (पीएम पोषण) योजना के अंतर्गत बच्चों को बेहतर गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालयों में नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।

महाअभियान को सफल बनाने में विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रह्लाद जैन, बीआरसी  डी. राय, संकुल प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, प्रधान अध्यापकों तथा मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी विद्यालयों में स्थानीय उपलब्ध संसाधनों एवं सब्जियों के आधार पर विविध प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए। कहीं बच्चों को खीर-पूड़ी और पनीर की सब्जी, तो कहीं हरी सब्जियों, गर्म भोजन और मिष्ठान के साथ विशेष न्योता भोज परोसा गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक इस सामूहिक भोज का आनंद लिया।

जिले में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित यह पहल केवल पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालयों में सामाजिक सहभागिता, सामूहिक जिम्मेदारी और अपनेपन की भावना को भी मजबूत कर रही है। इस नवाचार को मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुधारने, बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने बताया कि सामूहिक न्योता भोज का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक पूरे समर्पण और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बना रहे हैं। भैरमगढ़ की सफलता के बाद अब जिले के अन्य विकासखंडों में भी चरणबद्ध तरीके से सामूहिक न्योता भोज महाअभियान आयोजित किया जाएगा।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।