राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर विद्यार्थियों को हाथकरघा एवं नशामुक्ति का संदेश
रिपोर्ट– जय शंकर पांडे
जगदलपुर, 07 अगस्त 2026। भारत सरकार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस के अवसर पर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, पुराना पुल रोड, जगदलपुर में विशेष प्रचार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस के साथ-साथ नशा मुक्त भारत अभियान के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी बीएस ध्रुव ने हाथकरघा बुनकरों के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाथकरघा क्षेत्र से जुड़े बुनकरों के लिए सामाजिक सुरक्षा के तहत बीमा सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने ₹60 के अंशदान पर सामान्य मृत्यु की स्थिति में ₹60,000 तथा दुर्घटनाजन्य मृत्यु की स्थिति में ₹1,50,000 तक के बीमा कवरेज की जानकारी दी।
प्रभारी अधिकारी ध्रुव ने हाथकरघा उत्पादों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हाथकरघा भारत की समृद्ध पारंपरिक कला, संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से हाथकरघा से निर्मित वस्त्रों का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा स्थानीय बुनकरों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
विद्यालय की प्राचार्य खोजन खलको ने नशा मुक्त भारत अभियान के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य खोजन खलको सहित सुनीता मेश्राम, शिवानी महंत, रेणुका श्रीवास्तव एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।