बस्तर संभाग के 71 खिलाड़ी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयनित

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Aug 12, 2026 - 22:28
बस्तर संभाग के 71 खिलाड़ी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयनित
CG VARTA -

बीजापुर, 12 अगस्त 2026/ कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संभागीय शालेय खेल कैलेंडर के आधार पर 11 अगस्त 2026 को जिला बीजापुर में बैडमिंटन, तैराकी एवं वाटरपोलो की संभागीय चयन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के सात जिलों में से छह जिलों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

जिला बीजापुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित संभागीय चयन प्रतियोगिता में 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं सहित व्यायाम शिक्षक, कोच, शिक्षक एवं अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में कुल 232 प्रतिभागी एवं अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए, जिसमें 105 बालक, 78 बालिकाएं तथा 49 व्यायाम शिक्षक, कोच, शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए किया गया। इनमें बैडमिंटन से 30, वाटरपोलो से 12 तथा तैराकी से 29 खिलाड़ी, कुल 71 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं।

चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बस्तर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पाण्डेय ने सभी चयनित खिलाड़ियों को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूरी लगन, मेहनत और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने जिले एवं बस्तर संभाग का नाम रोशन करें।

संभागीय चयन प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। चयनित खिलाड़ियों की उपलब्धि ने खेल जगत में बीजापुर सहित पूरे बस्तर संभाग को गौरवान्वित किया है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।