जगदलपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण सीजीपीएससी परीक्षा संपन्न, 71% से अधिक रही उपस्थिति

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Aug 16, 2026 - 20:23
जगदलपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण सीजीपीएससी परीक्षा संपन्न, 71% से अधिक रही उपस्थिति
सीजीपीएससी राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा 2026
CG VARTA -

जगदलपुर, 16 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा 2026 रविवार 16 अगस्त को बस्तर जिला मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा एवं चाक-चौबंद प्रशासनिक व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के नेतृत्व में बस्तर जिला मुख्यालय स्थित जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दोनों पालियों की परीक्षा का सुव्यवस्थित संचालन किया गया।

डिप्टी कलेक्टर मनीष वर्मा से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस केन्द्र पर कुल 469 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सुबह 9 से 11:30 बजे तक आयोजित प्रथम पाली (सामान्य अध्ययन) में कुल 336 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 133 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। वहीं दोपहर 02 से 4:30 बजे तक संपन्न हुई द्वितीय पाली (इंजीनियरिंग संकाय) में परीक्षार्थियों की संख्या 337 दर्ज की गई और 132 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों ही सत्रों में परीक्षार्थियों की कुल उपस्थिति 71 प्रतिशत से अधिक रही।

परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल-विहीन बनाए रखने के लिए आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सख्त प्रबंध किए गए थे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के संयुक्त उड़नदस्ते लगातार परीक्षा केन्द्र का मुआयना करते रहे। इसके अलावा केन्द्र में वीक्षकों सहित परीक्षा कार्य में संलग्न अमले के लिए मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहा। जिला प्रशासन ने परीक्षा के निर्विघ्न व सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।