बस्तर में 'शिशु संरक्षण माह' का हुआ आगाज
रिपोर्ट – जय शंकर पांडे
जगदलपुर, 18 अगस्त 2026/ बच्चों के सर्वांगीण स्वास्थ्य और बेहतर पोषण प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा जिला स्वास्थ्य समिति जगदलपुर द्वारा 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक व्यापक 'शिशु संरक्षण माह' अभियान चलाया जा रहा है।

"स्वस्थ बच्चे – स्वस्थ भविष्य" के ध्येय के साथ आयोजित इस अभियान के तहत राज्यभर के स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को 6 माह के अंतराल पर दी जाने वाली विटामिन-A की खुराक पिलाई जा रही है, जबकि 6 माह से 5 वर्ष तक के नन्हे-मुन्नों को सप्ताह में दो बार 1 एमएल आयरन सिरप का सेवन कराया जा रहा है।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के वजन और बांह की माप लेकर पोषण स्तर की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें उचित उपचार हेतु पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा जा सके। इसके साथ ही एनीमिया नियंत्रण के लिए आवश्यकतानुसार हीमोग्लोबिन की जांच भी की जा रही है और 5 वर्ष तक के छूटे हुए या वंचित बच्चों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत नियमित टीकाकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निकटतम केंद्र लेकर आएं और इन सभी जीवनरक्षक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाकर एक स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
