आवासीय विद्यालयों में व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के निर्देश, बस्तर मुन्ने के तहत शत-प्रतिशत सैचुरेशन पर जोर

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Aug 25, 2026 - 21:42
आवासीय विद्यालयों में व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के निर्देश, बस्तर मुन्ने के तहत शत-प्रतिशत सैचुरेशन पर जोर
साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर विश्वदीप ने दिए निर्देश, ग्रामीणों को सभी 31 आवश्यक सेवाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता
CG VARTA -

बीजापुर, 25 अगस्त 2026। कलेक्टर विश्वदीप ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम के तहत शत-प्रतिशत सैचुरेशन तथा पोर्टल में सभी पात्र हितग्राहियों की एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शासन द्वारा चिन्हित सभी 31 आवश्यक सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

31 सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, आधार, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वनाधिकार पत्र सहित विभिन्न व्यक्तिमूलक एवं सामुदायिक विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने के साथ पोर्टल में जानकारी की शत-प्रतिशत एंट्री भी सुनिश्चित करें।

प्रधानमंत्री आवास निर्माण में तेजी लाने पर जोर

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को हितग्राहियों से सतत संपर्क रखने, उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित करने, आवश्यकतानुसार काउंसलिंग एवं प्रोत्साहन देने को कहा।

उन्होंने कहा कि आवास निर्माण पूर्ण होने के बाद पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से भी लाभान्वित किया जाए, ताकि पक्के आवास के साथ परिवारों को ऊर्जा के क्षेत्र में भी लाभ मिल सके।

वीबी-जी रामजी योजना से विकास कार्यों को मिलेगी गति

वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक से अधिक कार्य स्वीकृत करने पर भी कलेक्टर ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना एवं रोजगार से जुड़े आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों की गति बढ़ाई जाए।

आवासीय संस्थानों में सुविधाओं की सतत निगरानी के निर्देश

कलेक्टर विश्वदीप ने आश्रम, छात्रावास एवं अन्य सभी प्रकार के आवासीय संस्थानों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सतत निगरानी करने के लिए नामजद जिला अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि संस्थानों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान परिसर में उपलब्ध भोजन, पेयजल, स्वच्छता, आवासीय व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित विभाग को तत्काल अवगत कराते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा इसकी जानकारी साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में साझा करने को कहा।

स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर

कलेक्टर ने आवासीय संस्थानों में विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में कहीं भी गंदे पानी का जमाव न हो और मच्छरों के पनपने की स्थिति निर्मित न हो। विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल, साफ परिसर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कलेक्टर  विश्वदीप ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा, जब वह पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और उसका सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई दे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।