अपने दम पर बस्तर में तैयार हो रही ‘वेटलिफ्टिंग की नई पौध’, महापौर संजय पांडे ने थपथपाई पीठ

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Aug 30, 2026 - 07:10
अपने दम पर बस्तर में तैयार हो रही ‘वेटलिफ्टिंग की नई पौध’, महापौर संजय पांडे ने थपथपाई पीठ
पूर्णिमा ठाकुर और विनायक बेहरा के मार्गदर्शन में खिलाड़ी बहा रहे पसीना, कांकेर की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम
CG VARTA -

30 अगस्त 2026, जगदलपुर। संसाधनों की कमी को प्रतिभा के रास्ते की बाधा नहीं बनने देने की मिसाल बस्तर में देखने को मिल रही है। प्रशिक्षक पूर्णिमा ठाकुर और विनायक बेहरा अपने स्वयं के संसाधनों और प्रयासों से शहर के लालबाग स्थित प्रशिक्षण स्थल पर खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं। इनके मार्गदर्शन में तैयार हो रहे युवा वेटलिफ्टर अब राज्य स्तर पर बस्तर का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में वैष्णवी प्रजापति, लक्षश्री साहू, दुर्गम्या यादव, जाहनवी बघेल, मान्यता बहरा, अमन साहू, रौनक साहू, ऋषभ ठाकुर, सत्यम मिश्रा और कोमल देव सरोज नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह सभी खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में अपना दम दिखाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 11, 12 और 13 सितंबर 2026 को न्यू बस स्टैंड, मिनी स्टेडियम, कांकेर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में सब-जूनियर बालक-बालिका तथा अन्य निर्धारित वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

खिलाड़ियों से मिले महापौर, बढ़ाया हौसला

महापौर संजय पांडे ने शनिवार को लालबाग स्थित प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रशिक्षण और प्रतियोगिता की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। महापौर ने खिलाड़ियों से कहा कि मैदान में उतरते समय आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को अपनी ताकत बनाएं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलें और बस्तर का नाम रोशन करें।

  ‘प्रतिभा को मंच देना हम सभी की जिम्मेदारी’

महापौर संजय पांडे ने कहा कि बस्तर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो सिर्फ उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर देने की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पूर्णिमा ठाकुर और विनायक बेहरा जिस तरह लगातार मेहनत कर खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं, वह सराहनीय और प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि कई बार प्रतिभावान खिलाड़ी पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने के कारण आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसे में निजी स्तर पर प्रशिक्षकों द्वारा किया जा रहा यह प्रयास महत्वपूर्ण है। “इन खिलाड़ियों की मेहनत केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बस्तर के अन्य बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित करेगी। नगर निगम स्तर पर खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए जो भी संभव सहयोग होगा, वह किया जाएगा।”

महापौर ने प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे खिलाड़ियों को लगातार बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में हरसंभव सहयोग का प्रयास करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से भी कहा कि प्रतियोगिता में परिणाम की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, क्योंकि निरंतर मेहनत और अनुशासन ही बड़े मुकाम की नींव है।

अब कांकेर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बस्तर के ये खिलाड़ी अपनी ताकत, तकनीक और मेहनत का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों की तैयारी को देखते हुए प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों को उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।