42 वर्षों की निष्ठावान सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए सहायक ग्रेड-1 अरविंद पाणिग्राही

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Sep 1, 2026 - 17:47
42 वर्षों की निष्ठावान सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए सहायक ग्रेड-1 अरविंद पाणिग्राही
संभागीय जनसंपर्क कार्यालय में दी गई भावभीनी विदाई
CG VARTA -

जगदलपुर, 1 सितम्बर 2026/ संभागीय जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-1 अरविंद पाणिग्राही को शासकीय सेवा में 42 वर्षों का लंबा और निष्ठावान कार्यकाल पूरा करने के उपरांत कार्यालय परिवार द्वारा गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर सहकर्मियों ने उनके सुदीर्घ अनुभव और उत्कृष्ट सेवा भाव को याद करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

      कार्यालय परिसर में आयोजित विदाई समारोह की अध्यक्षता करते हुए संयुक्त संचालक कमल कुमार बघेल ने श्री पाणिग्राही को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री बघेल ने कहा कि चार दशकों से अधिक की निरंतर शासकीय सेवा अपने आप में निष्ठा और समर्पण की मिसाल है। श्री पाणिग्राही ने अपने पूरे सेवाकाल में दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता, समयबद्धता और ईमानदारी से किया, जो विभाग के युवा कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ आयु और सुख-शांतिमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

      समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने श्री पाणिग्राही के साथ कार्य करने के अपने अनुभवों को साझा किया। सहकर्मियों ने उनके शांत, मिलनसार स्वभाव और प्रशासनिक कार्यों में कुशल मार्गदर्शन की सराहना की। श्री पाणिग्राही ने भी अपने विदाई संबोधन में सभी सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विभाग में बिताए पलों को अपने जीवन की अमूल्य पूंजी बताया।

       इस विदाई समारोह में सहायक संचालक  अर्जुन पाण्डेय, सहायक ग्रेड-1 बीआर पोयाम, फोटोग्राफर  रामनारायण ध्रुव, दफ्तरी  जीआर बघेल सहित संभागीय जनसंपर्क कार्यालय के समस्त कर्मचारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।