युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम में युवा आयोग के अध्यक्ष ने मेडिकल काॅलेज, डिमरापाल में कार्यक्रम आयोजित किया जिसमे 1000 युवाओं ने लिया हिस्सा

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Sep 3, 2026 - 22:04
युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम में युवा आयोग के अध्यक्ष ने मेडिकल काॅलेज, डिमरापाल में कार्यक्रम आयोजित किया जिसमे 1000 युवाओं ने लिया हिस्सा
विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों ने भी युवाओं को प्रेरित करने रखे विचार
CG VARTA -

3 सितम्बर 2026, जगदलपुर। बस्तर के युवाओं को करियर को लेकर मार्गदर्शन देने, लक्ष्य को पाने के लिए प्रेरित करने एवं उनमें आत्मविश्वास जगाने के उद्देश्य से गुरूवार को स्व. बलिराम कश्यप शासकीय मेडिकल काॅलेज डिमरापाल में युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महापौर श्री संजय पांडेय, जिला कलेक्टर आकाश छिकारा सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। इस आयोजन में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों ने बतौर रिसोर्स पर्सन विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। आयोजन में करब 1000 युवाओं ने हिस्सा लिया। 

अपने संबोधन में प्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय ने दंतेवाड़ा में प्रारंभ हुए मेडिकल काॅलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि आज बस्तर के युवाओं को बस्तर के ही मेडिकल काॅलेज में अध्ययन करने का अवसर मिल रहा है। प्रदेश की सरकार युवा शक्ति को विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला मानकर कई कार्य कर रही है। विश्व विजय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और बस्तर के युवा अराजक नहीं हो सकते। यहां के युवा कंस्ट्रक्टिव हैं। युवाओं को दिग्भ्रमित होने से बचना चाहिए। मोबाईल पर दिखने वाली सभी चीजें सच नहीं होता। श्री विश्व विजय ने बताया कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद एमबीबीएस की सीटें 51 हजार से बढ़कर एक लाख तीस हजार हो गई है। वहीं मेेडिकल काॅलेज, आईआईटी, आईआईएम, एम्स जैसे शैक्षणिक संस्थानों के निर्माण और प्रारंभ में कई गुणा बढ़ोत्तरी हुई है। श्री विश्व विजय ने कहा कि प्रदेश की सरकार पूरी पारदर्शिता से कार्य कर रही है। बिना सोर्स सिफारिश के योग्य युवाओं को अवसर मिल रहा है। वर्तमान की प्रदेश सरकार ने लोगों को सिस्टम के प्रति भरोसा दिलाया है। उन्होेंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेल में भी बेहतर करने वाले युवाओं को अच्छी नौकरी और प्रोत्साहन राशि दिया जा रहा है। 

इस अवसर पर जिला कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि युवा अपने भविष्य को लेकर सजग रहें। लाइफ में कुछ करने और गोल डिसाइड करने के साथ उसे पाने का भी प्लान बना लें। श्री छिकारा ने कहा कि युवाओं को सबसे पहले एक अच्छा नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि एक देश-एक चुनाव की प्रक्रिया लागू होती है तो तीन महीने कोड ऑफ कंडक्ट का समय बचेगा। 

युवाओं को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना ने कहा कि युवाओं को अपना ओपिनियन और आईडिया बनाने के लिए हर तरह के विचारों का ग्रहण करने का प्रयास करना चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने कहा कि आप सभी युवा बस्तर की आवाज हैं। बस्तर का मान-सम्मान को बढ़ाने के लिए युवाओं को आगे आने की आवश्यकता है। 

आयोजन में बतौर रिसोर्स पर्सन प्रो. मणिशंकर मिश्रा ने कहा कि जब आबादी युवाओं की होती है तभी कोई देश विकसित बनता है। आज भारत विश्व में सबसे ज्यादा युवाओं वाला देश है। प्रो. मिश्रा ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आज दोनों ही सरकार भयमुक्त वातावरण और हर क्षेत्र में विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। शिक्षा को स्किल से जोड़ा जा रहा है। 

विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ में युवाओं की भूमिका विषय पर अपना विचार रखते हुए डाॅ. समीर ठाकुर ने कहा कि युवाओं को नेशन फर्स्ट के विचार के साथ आगे बढ़ना चाहिए। युवा एआई, इनोवेशन के साथ मेक इन इंडिया में अपना योगदान दें। डाॅ. विनय प्रताप सिंह ने युवाओं को शिक्षा, कौशल, डिजिटलाईजेशन, हरित प्रयासों पर फोकस रहने की बात कही। 

एक देश- एक चुनाव विषय पर अपने उद्बोधन में डाॅ. भुनेश्वर लाल साहू ने कहा कि केंद्र सरकार का यह विचार देश की राजनीति और अर्थव्यवस्था के लिए बहुत अच्छा है। चुनावी व्यवस्था में बदलाव स्वागत योग्य है। डाॅ. साहू ने पूरे देश में एक साथ चुनाव को लेकर केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और गठित समिति के कार्यों की जानकारी भी दी। 

डाॅ. सियालाल नाग ने कहा कि चुनावी चक्र को एक साथ करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि 1952 से 1967 तक देश में सारे चुनाव एक साथ हुए पर बाद में यह चक्र टूट गया। जिसे फिर से जोड़ने की जरूरत है। इससे न केवल प्रशासन और राजनीतिक दलों की परेशानी कम होगी बल्कि हजारों करोड़ का बचत युवाओं पर खर्च किया जा सकेगा। 

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस आधिकारी सुखनंदन राठौर ने युवाओं को साइबर क्राईम से बचने जागरूक रहने की अपील की। युवाओं को पिन और पासवर्ड ओटीपी शेयर न करने, अनजान लिंक न खोलने, आईडेंटिटी को सुरक्षित रखने और अनजान लोगोें से चैटिंग से बचने की सलाह दी। श्री राठौर ने किसी भी प्रकार के साईबर क्राइम होने पर टोल फ्री नंबर 1930 का उपयोग करने की अपील की। 

इस अवसर पर युवाओं ने विभिन्न विषयों को लेकर अपने-अपने सुझाव भी जमा किए। इनमें से अच्छे सुझावों को नेशनल पाॅलिसी में शामिल करने की बात कही गई। सुझाव देने वाले को युवाओं को युवा आयोग की ओर से उपहार भी भेंट किया गया। 

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियोें ने सक्रिय भागीदारी रही। प्रियंका वैद्य एवं उनकी टीम ने आयोजन के शुरूआत में सुमधुर स्वरो में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्य गीत प्रस्तुत किया। आयोजन में सुशांत सेन,  बेसरा, रजनीश पाणिग्रही, अभिलाष यादव, विवि कार्य परिषद सदस्य जयराम दास सहित कई गणमान्य नागरिक व विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों के प्राध्यापक व स्टूडेंट्स एवं अन्य उपस्थित थे।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।