भानपुरी में विशाल स्वास्थ्य व दिव्यांगजन शिविर संपन्न, 570 हितग्राहियों की जांच, मौके पर ही 210 को मिले प्रमाण पत्र
रिपोर्ट – जय शंकर पांडे
जगदलपुर, 10 सितम्बर 2026/ कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार जनपद पंचायत भानपुरी में गुरुवार को एक दिवसीय विशाल दिव्यांगता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें सुदूर वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण नाग ने बताया कि इस शिविर में पहुंचे कुल 570 जरूरतमंद हितग्राहियों का पंजीयन कर उनका सघन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने 325 दिव्यांगजनों तथा 245 सिकलिन व अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की पहचान की। इसके बाद मेडिकल बोर्ड की तत्परता से मौके पर ही 55 हितग्राहियों को सिकलिन प्रमाण पत्र तथा 155 पात्र हितग्राहियों को गैर-सिकलिन प्रमाण पत्र तैयार कर वितरित किए गए।

शिविर के सुव्यवस्थित संचालन और निरीक्षण के लिए एसडीएम गगन शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ स्वाति और भानपुरी तहसीलदार श्री जीवेश सोरी सक्रिय रहें। वहीं स्वास्थ्य जांच की कमान मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञ डॉ. लखन ठाकुर, डॉ. आरके राज, डॉ. नागवंशी, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. रुखसार खान, डॉ. सरिता थॉमस सहित ईएनटी व नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने संभाली। इसके साथ ही शिविर परिसर में स्वास्थ्य जांच के अलावा पेंशन योजना, राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड, आभा आईडी और आयुष्मान भारत कार्ड से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकीं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जनपद अध्यक्ष श्री संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जमुना ठाकुर तथा करंदोला सरपंच श्रीमती शकुंतला ने पहुंचकर हितग्राहियों का उत्साहवर्धन किया। जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग व स्थानीय प्रशासन के इस समन्वित प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से वनांचल के ग्रामीणों को जिला मुख्यालय के चक्कर काटने और अनावश्यक आर्थिक बोझ से बड़ी राहत मिली है। हाथों-हाथ प्रमाण पत्र और शासकीय योजनाओं का त्वरित लाभ पाकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

