गांव-गांव पहुंचकर कलेक्टर-सीईओ ने परखी विकास कार्यों की जमीनी हकीकत
रिपोर्ट – जय शंकर पांडे
बीजापुर, 16 सितंबर 2026/ कलेक्टर विश्वदीप मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बीजापुर नम्रता चौबे ने बुधवार को जनपद पंचायत भैरमगढ़ के विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भैरमगढ़ विकास सर्वे एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भैरमगढ़ अभिषेक तम्बोली भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत बांगोली, मटवाड़ा एवं नेलसनार में पोर्ता केबिन, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, VB-G RAM-G सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत संचालित एवं निर्माणाधीन कार्यों का मौके पर निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत बांगोली में एग्रीस्टैक शिविर, ग्राम मटवाड़ा में VB-G RAM-G के अंतर्गत वृक्षारोपण, स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्माणाधीन शौचालय, पोर्टाकेबिन तथा MBU शिविर का जायजा लिया गया। वहीं ग्राम पंचायत नेलसनार में पोर्टा
केबिन, मत्स्य विभाग के अंतर्गत मछलीपालन गतिविधियों, सामुदायिक स्वयंसेवी केंद्र सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर विश्वदीप ने संबंधित सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं तकनीकी अमले को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों में शत-प्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित मापदंडों और तकनीकी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
हितग्राहियों से सीधे संवाद कर जानी आवास निर्माण की प्रगति
अधिकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण की स्थिति, प्राप्त किश्तों तथा योजना से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। जिन पात्र हितग्राहियों को प्रथम किश्त प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें बैंक खाते में DBT लिंकिंग की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया, ताकि उन्हें समय पर योजना का लाभ मिल सके।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण की प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रावधानों की जानकारी भी दी। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को RSETI के माध्यम से राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों द्वारा श्रम कार्ड के माध्यम से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
गुणवत्ता, पारदर्शिता और हितग्राही संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि शासन की योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत प्रत्येक विकास कार्य का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसलिए प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता, समयबद्धता एवं हितग्राही संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने मैदानी अमले को हितग्राहियों और ग्रामीणों से सतत संपर्क बनाए रखने, योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने तथा सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण से मैदानी स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की प्रत्यक्ष समीक्षा के साथ-साथ संबंधित अमले को कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही बनाए रखने का स्पष्ट संदेश मिला।
