बाढ़ राहत शिविरों में व्यवस्था दुरुस्त रखें, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर दें विशेष ध्यान: कलेक्टर आकाश छिकारा

Sep 27, 2026 - 20:26
बाढ़ राहत शिविरों में व्यवस्था दुरुस्त रखें, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर दें विशेष ध्यान: कलेक्टर आकाश छिकारा
CG VARTA -

जगदलपुर, 27 सितम्बर 2026/ जिले में बाढ़ आपदा और जलभराव से प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर  आकाश छिकारा ने प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि क्षेत्र में स्थापित प्रत्येक बाढ़ राहत शिविर में प्रभावितों को सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएं, इस दिशा में सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें।

          कलेक्टर ने शिविरों में भोजन और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविरों में वाटर टेस्टिंग किट और क्लोरीन टैबलेट्स की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा नागरिकों को जलजनित बीमारियों से बचाने के लिए पानी उबालकर पीने की सलाह दी जाए।

परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक-पृथक शौचालयों का प्रबंध करने और उनकी समय-समय पर समुचित सफाई कराने पर विशेष बल दिया गया है, वहीं उमस और गर्मी से बचाव के लिए शिविरों में पर्याप्त रोशनी, पंखों तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

           प्रभावित नागरिकों के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी के लिए शिविरों में नियमित हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों का समय रहते उपचार हो सके।

इसके अतिरिक्त आपदा के कारण लोगों में उपजे मानसिक तनाव को कम करने और शिविरों में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से प्रातःकालीन योग सत्र, बच्चों व युवाओं के लिए खेलकूद तथा टेलीविजन जैसी बुनियादी मनोरंजन गतिविधियों के आयोजन पर भी जोर दिया गया है।

 कलेक्टर ने राहत कार्यों को और अधिक सुदृढ़ व व्यापक बनाने के लिए सिविल सोसायटी और गैर-सरकारी संगठनों को भी शिविर व्यवस्थाओं से जोड़ने के निर्देश दिए हैं, ताकि जनसहयोग के साथ पीड़ितों को बेहतर से बेहतर संबल और राहत पहुंचाई जा सके।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।