कोण्डालुर में बाढ़ प्रभावित परिवारों को विधायक विनायक गोयल ने वितरित किए कंबल और मच्छरदानी
100 कंबल, 32 मच्छरदानियों के साथ बच्चों को बिस्किट, नमकीन और पेयजल का किया वितरण
जगदलपुर ! तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोण्डालुर में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल ने राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को 100 कंबल एवं 32 मच्छरदानी वितरित कीं। इसके साथ ही बच्चों के लिए बिस्किट, नमकीन एवं पेयजल का भी वितरण किया गया।

बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर विधायक विनायक गोयल ने उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उनकी स्थिति का जायजा लिया तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। राहत सामग्री मिलने से प्रभावित परिवारों ने राहत महसूस की और विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक विनायक गोयल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना हम सभी की जिम्मेदारी है। बाढ़ के कारण जिन परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा है, उनकी आवश्यकताओं को समझते हुए राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवार स्वयं को अकेला न समझें, उनके साथ हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी परिस्थितियों में सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद परिवारों को कंबल और मच्छरदानी उपलब्ध कराई गई है। वहीं बच्चों के लिए बिस्किट, नमकीन और पेयजल का वितरण किया गया, ताकि उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता मिल सके।
विधायक ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि बाढ़ के बाद स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। पीने के पानी को सुरक्षित रखने, आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल संबंधित स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की बात कही।
ग्राम पंचायत कोण्डालुर में आयोजित राहत सामग्री वितरण के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया। विधायक ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
ग्राम पंचायत कोण्डालुर में आयोजित यह राहत कार्य बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। विधायक विनायक गोयल ने कहा कि प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं के अनुसार आगे भी सहायता और सहयोग के प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान रैतु राम, लच्छिन यादव, गुलाब सिंह ठाकुर , स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
