बस्तर से दिल्ली तक गूंजा ओबीसी का मुद्दा, 27% आरक्षण और जातिगत जनगणना को लेकर महासभा ने किया शक्ति प्रदर्शन

नवंबर तक मांग पूरी नहीं हुई तो जंतर-मंतर पर होगा महाआंदोलन - दिनेश यदु

Oct 3, 2026 - 19:52
बस्तर से दिल्ली तक गूंजा ओबीसी का मुद्दा, 27% आरक्षण और जातिगत जनगणना को लेकर महासभा ने किया शक्ति प्रदर्शन
CG VARTA -

3 अक्टूबर 2026, जगदलपुर। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में शनिवार को ओबीसी महासभा ने अपनी ताकत का अहसास कराया। 27 प्रतिशत आरक्षण और जातिगत जनगणना की मांग को लेकर ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ के बैनर तले बस्तर संभाग के हजारों सामाजिक बंधुओं ने प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम साहू के निर्देशन एवं बस्तर संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु के नेतृत्व में शहर के मुख्य मार्गों से विशाल रैली निकाली। हाथों में नारे लिखी तख्तियां और जयकारों के साथ यह रैली कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची, जहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

क्या है मुख्य मांग

ओबीसी महासभा की दो प्रमुख मांगें हैं। पहली - केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2027 में होने वाली राष्ट्रीय जनगणना के फॉर्मेट में अनुसूचित जाति एवं जनजाति की तरह अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग कॉलम निर्धारित किया जाए और जातिगत जनगणना कराई जाए। दूसरी - छत्तीसगढ़ में अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।

कई बार दे चुके ज्ञापन, अब आर-पार की लड़ाई

इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु ने कहा कि ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ के द्वारा इस मांग को लेकर देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को कई बार ज्ञापन सौंपा जा चुका है, बावजूद इसके आज तक हमारी मांगों पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश की लगभग 60 प्रतिशत आबादी वाले वर्ग की गिनती तक नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा कि जब तक ओबीसी समाज की वास्तविक जनसंख्या का आंकड़ा सामने नहीं आएगा, तब तक उनकी सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति का सही आकलन नहीं हो सकता। जातिगत जनगणना के आंकड़े ही भविष्य की सरकारी नीतियों, योजनाओं और आरक्षण व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।

उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि आगामी लोकसभा सत्र तक हमारी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है तो ओबीसी महासभा दिल्ली के जंतर-मंतर पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

नवंबर तक का अल्टीमेटम

जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव ने कहा कि आज हमने शासन को फिर से ज्ञापन के माध्यम से याद दिलाया है। यदि नवंबर 2026 तक हमारी 27% आरक्षण और जातिगत जनगणना की मांग पूरी नहीं हुई तो ओबीसी महासभा सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करेगी।

कोंडागांव आमसभा के लिए रवाना

ज्ञापन सौंपने के पश्चात संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु के नेतृत्व में बस्तर संभाग के सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन जगदलपुर से कोंडागांव में आयोजित सर्व पिछड़ा वर्ग ओबीसी महासभा की विशाल आमसभा में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर संभागीय उपाध्यक्ष तुलसीराम ठाकुर, जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव, शहर अध्यक्ष मनमोहन यादव, रामेश्वर बिसाई, हरिश साहू, योगेश्वरी साहू, चंपा ठाकुर, अंतुराम सेठिया, ओमप्रकाश साहू, गेंदालाल सोनी, मनोज कुमार ठाकुर, प्रेमसागर यादव, प्रकाश ठाकुर, गजेन्द्र ठाकुर, देवनाथ ठाकुर, कुनाल पटेल, लक्की गणपति, संतोष यादव सहित संभाग भर से आए सैकड़ों पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।