स्वच्छता ही सेवा 2026' और 'सेवा संकल्प' के तहत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उतरा निगम प्रशासन

स्वच्छ भारत दिवस पर सफाई व राहत अभियान तेज

Oct 3, 2026 - 19:57
स्वच्छता ही सेवा 2026' और 'सेवा संकल्प' के तहत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उतरा निगम प्रशासन
CG VARTA -

जगदलपुर, 3 अक्टूबर 2026/ बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से बीते दिनों बस्तर अंचल में हुई भारी बारिश तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा के खातीगुड़ा और मुरान बांधों के फाटक खोले जाने से क्षेत्र में भीषण बाढ़ और गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई थी। 23 से 26 सितंबर के दौरान हुई मूसलाधार बारिश से नदियों-नालों के उफान पर आने से जलभराव की स्थिति बन गई थी और सामान्य जनजीवन पूरी तरह ठहर गया था। हालांकि, अब बारिश थमने और नदियों का जलस्तर घटने से हालात धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगे हैं और आवागमन फिर से बहाल हो रहा है।  

इसी बीच, 'स्वच्छ भारत दिवस' के अवसर पर शुक्रवार 2 अक्टूबर को 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान के अंतर्गत 'सेवा संकल्प' की भावना को चरितार्थ करते हुए जगदलपुर नगर निगम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में सघन स्वच्छता और जनसेवा का मोर्चा संभाला है। इस विशेष अभियान के तहत लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 8 (पेट्रोल पंप के निचले हिस्से यानी खालेपारा क्षेत्र) में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। बाढ़ का पानी उतरने के बाद बीमारियों और कीड़े-मकोड़ों के पनपने के खतरे को देखते हुए पूरे वार्ड में ब्लीचिंग पाउडर का व्यापक छिड़काव किया गया, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।  

'सेवा संकल्प' के तहत मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए महापौर श्री संजय पाण्डे ने स्वयं प्रभावित बस्तियों में घर-घर पहुंचकर नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पीड़ितों से भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवास संबंधी समस्याओं की जानकारी ली तथा जरूरतमंद परिवारों को कपड़े व दैनिक आवश्यकता की सामग्री वितरित की।

 इसके साथ ही, आपदा के बीच बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इस दिशा में संवेदनशील पहल करते हुए स्कूली बच्चों को कॉपियां, पुस्तकें व अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। स्वच्छ भारत दिवस पर चलाए गए इस व्यापक सफाई और सेवा अभियान से प्रभावित नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।