समान नागरिक संहिता पर जगदलपुर में उच्च स्तरीय समिति की बैठक, मुख्य विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Oct 17, 2026 - 07:25
समान नागरिक संहिता पर जगदलपुर में उच्च स्तरीय समिति की बैठक, मुख्य विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श
CG VARTA -

जगदलपुर, 16 अक्टूबर 2026 / छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता को लागू करने तथा इसका प्रभावी प्रारूप तैयार करने की दिशा में गठित उच्च स्तरीय समिति द्वारा बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर स्थित जिला कलेक्टोरेट के प्रेरणा हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक एवं समूह चर्चा का आयोजन किया गया। इस परिचर्चा में उच्च स्तरीय प्रारूप समिति के अध्यक्ष  एमके राऊत, सदस्य  मोहन सिंह पवार,  ज्योति रानी सिंह, समिति के सचिव श्याम धावड़े तथा कमिश्नर  डोमन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

      बैठक के दौरान जगदलपुर और कोंडागांव जिले के प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रमुखों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न आयोगों व निगमों के पदाधिकारियों ने समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों और उनके सामाजिक प्रभावों पर व्यापक मंथन किया। इस विमर्श के केंद्र में मुख्य रूप से चार प्रमुख विषय-विवाह और तलाक, उत्तराधिकार एवं विरासत, भरण-पोषण और सहायता तथा लिव-इन संबंध शामिल रहे।

      सम्पूर्ण कार्यवाही का विधिवत दस्तावेजीकरण, वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी सुनिश्चित की गई, जिससे प्राप्त सभी सुझावों को राज्य स्तर पर तैयार होने वाले ड्राफ्ट में शामिल किया जा सके। इसके साथ ही आम नागरिकों से सुझाव आमंत्रित करने हेतु वेब पोर्टल https://ucc.cgstate.gov.in/ एवं ईमेल ucc-chhattisgarh@cg.gov.in भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति अथवा संगठन नवीन सर्किट हाउस, सिविल लाइन्स, रायपुर स्थित समिति कार्यालय के पते पर या डिजिटल माध्यम से 30 अक्टूबर 2026 तक अपने विचार प्रेषित कर सकते हैं।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।