विश्व हिंदू परिषद - बजरंग दल द्वारा विजयादशमी पर भव्य शस्त्र पूजन संपन्न
रिपोर्ट – जय शंकर पांडे
जगदलपुर, 21 अक्टूबर। विश्व हिंदू परिषद - बजरंग दल के तत्वावधान में विजयादशमी के पावन अवसर पर शस्त्र पूजन का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रांत सह मंत्री रवि ब्रह्मचारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि "शस्त्र पूजन हमारी सनातन संस्कृति की एक अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है। शस्त्र शक्ति का प्रतीक है। नवरात्रि में 9 दिन शक्ति की आराधना के बाद विजयादशमी के दिन शस्त्रों की पूजा की जाती है ताकि अधर्म पर धर्म की विजय हो सके।"

इसके पश्चात जिला अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि "शास्त्रों में कहा गया है - शस्त्र और शास्त्र दोनों की रक्षा जरूरी है। शास्त्र ज्ञान देता है और शस्त्र उस ज्ञान और धर्म की रक्षा करता है। प्राचीन काल में राजा-महाराजा युद्ध पर जाने से पहले अपने शस्त्रों की पूजा करते थे ताकि उन्हें विजय प्राप्त हो।"
जिला संयोजक विष्णु ठाकुर ने बताया कि बजरंग दल द्वारा शस्त्र पूजन कार्यक्रम पूरे प्रदेश में आयोजित हो रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को विजयादशमी की हार्दिक बधाई दी और उनका हौसला बढ़ाया।

तत्पश्चात नगर अध्यक्ष प्रतीक सिंह गुरु ने कहा कि मुख्य रूप से विजयादशमी के दिन ही शस्त्र पूजन किया जाता है। इस दिन भगवान राम ने रावण पर विजय पाई थी और माँ दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था। यह विजय का प्रतीक है।
इस दौरान महापौर संजय पांडे ने भी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि शस्त्रों को साफ कर तिलक, फूल, अक्षत चढ़ाकर पूजा की जाती है और यह भाव रखा जाता है कि शस्त्र का उपयोग कभी अन्याय के लिए नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, देश, धर्म और समाज की रक्षा के लिए होगा। जिला मंत्री जी ने भी अपने विचार रखे।
बस्तर में दशहरा विश्व प्रसिद्ध है। यहाँ माँ दंतेश्वरी को बस्तर की आराध्य देवी माना जाता है और शस्त्र पूजन को राजसी परंपरा और जनजातीय शौर्य के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। विश्व हिंदू परिषद - बजरंग दल इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है ताकि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़ी रहे। यह किसी हिंसा का प्रतीक नहीं, बल्कि "बुराई के विनाश और अच्छाई की रक्षा" के संकल्प का प्रतीक है।
इस शुभ अवसर पर विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष प्रेम चालकी, जागेश्वर साहू, जिला सेवा प्रमुख पवन राजपूत, जिला सह मंत्री घनश्याम नाग, जिला कोषाध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी, जिला समरसता प्रमुख उमेश राठौर, जिला संयोजक विष्णु ठाकुर, भवानी सिंह चौहान, काशी चालकी, शत्रुघ्न, सोम सिंह ठाकुर, सुंदर कश्यप, शिव चौहान सहित बजरंग दल के समस्त पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
