पेंशनरों ने सीखा 'डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र' घर बैठे जमा करना

Nov 10, 2025 - 20:42
पेंशनरों ने सीखा 'डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र' घर बैठे जमा करना
CG VARTA -

जगदलपुर, 10 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री हरिस एस के निर्देशन में सोमवार को पेंशनरों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में सोमवार को आयोजित इस सत्र का उद्देश्य पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाना था, जिससे इन वरिष्ठ नागरिकों को कोषागार या बैंक जाने की आवश्यकता न रहे।

       

 प्रशिक्षण सत्र में लीड बैंक मैनेजर श्री जॉर्ज विल्सन तिर्की, भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा के प्रबंधक श्री आनंद खत्री, पेंशनर संघ के अध्यक्ष श्री राम नारायण ताती, और वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री अनिल पाठक, सहायक कोषालय अधिकारी सुश्री ममता ध्रुव सहित विभिन्न आहरण एवं संवितरण अधिकारी तथा बैंकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

 

 भारतीय स्टेट बैंक के मास्टर ट्रेनर्स और भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा के प्रबंधक श्री आनंद खत्री ने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के संबंध में आवश्यक और तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से जीवन प्रमाण ऐप, आधार फेस आईडी ऐप, और उमंग ऐप का उपयोग करते हुए घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की पूरी विधि समझाई। यह जानकारी खासकर उन पेंशनरों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुई, जिन्हें शारीरिक रूप से बैंक जाने में कठिनाई होती है। पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए, उन्हें डोर स्टेप बैंकिंग की सुविधा के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इसके अलावा पेंशन से संबंधित त्वरित सहायता और समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय स्टेट बैंक में नियुक्त नोडल अधिकारी का संपर्क नंबर भी पेंशनर संघ के पदाधिकारियों और उपस्थित पेंशनरों के साथ साझा किया गया। इस दौरान लर्निंग वीडियो और पीपीटी भी उपस्थित पेंशनरों के साथ साझा किए गए, जिससे वे बाद में भी इस प्रक्रिया को आसानी से दोहरा सकें और डिजिटल प्रमाण पत्र जमा करने में आत्मनिर्भर बन सकें।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।