केमिस्ट भर्ती परीक्षा में नकल रोकने उड़नदस्ता दल गठित, संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर👀

Dec 17, 2025 - 16:43
केमिस्ट भर्ती परीक्षा में नकल रोकने उड़नदस्ता दल गठित, संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर👀
CG VARTA -

जगदलपुर, 17 दिसम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा रविवार 21 दिसंबर को आयोजित की जाने वाली केमिस्ट भर्ती परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने और नकल जैसी अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत होने वाली यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 01.15 बजे तक संचालित होगी, जिसके लिए एक विशेष उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वाड) दल का गठन किया गया है।

     परीक्षा को पूर्णतः नकल रहित संपन्न कराने के उद्देश्य से गठित इस तीन सदस्यीय दल में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। इसमें जगदलपुर नायब तहसीलदार श्री डोमन लाल, भू-अभिलेख के सहायक अधीक्षक श्री ब्रजभूषण देवांगन और रक्षित केन्द्र जगदलपुर के सहायक उप निरीक्षक श्री संजय नंद शामिल हैं। यह संयुक्त दल शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्र शासकीय काकतीय पी.जी. कॉलेज और झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज पर औचक निरीक्षण और निगरानी की जिम्मेदारी संभालेगा। अधिकारियों को न केवल परीक्षा कक्षों के भीतर, बल्कि परीक्षा केंद्रों के परिसर और गेट के बाहर भी अनिवार्य रूप से निरीक्षण करना होगा ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की गुंजाइश न रहे।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।