छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय, प्रदेश को मिली पहले 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' की मेजबानी

बस्तर के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय पटल पर छाने का अवसर

Jan 4, 2026 - 18:45
छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय, प्रदेश को मिली पहले 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' की मेजबानी
CG VARTA -

जगदलपुर, 04 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए यह एक अत्यंत गौरवशाली क्षण है, जब भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने राज्य को 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2025-26' के प्रथम संस्करण की मेजबानी का दायित्व सौंपा है। यह ऐतिहासिक आयोजन विशेष रूप से देश भर की जनजातीय प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें एक सशक्त राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। बस्तर जिला प्रशासन और खेल विभाग के लिए यह दोहरी खुशी का विषय है, जहां एक ओर पूरे प्रदेश में खेलों का माहौल बनेगा, वहीं जगदलपुर शहर को एथलेटिक्स और तीरंदाजी जैसी प्रमुख स्पर्धाओं के साथ-साथ डेमो स्पोर्ट्स के रूप में मल्लखम्भ की मेजबानी का जिम्मा भी मिला है।

       बस्तर एक आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है जहां के युवाओं में नैसर्गिक खेल प्रतिभा विद्यमान है। यहां के युवाओं ने हाल ही में संपन्न हुए बस्तर ओलंपिक 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था, और अब यह राष्ट्रीय आयोजन उन्हें अपनी क्षमता सिद्ध करने का एक और बड़ा मौका देगा। इस खेल महाकुंभ में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम को चुनने के लिए राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है, जो 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक रायपुर और बिलासपुर के विभिन्न खेल मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग खेलों के लिए स्थान और तिथियां निर्धारित की गई हैं। बिलासपुर के बहतराई स्थित स्वर्गीय बीआर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र में 7 जनवरी को प्रातः 9 बजे से तीरंदाजी और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जबकि इसी दिन बिलासपुर के सरकंडा स्थित तैराकी परिसर में तैराकी के ट्रायल होंगे। दूसरी ओर राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम (कोटा) में 6 जनवरी को वेटलिफ्टिंग और 7 जनवरी को कुश्ती व फुटबॉल के ट्रायल आयोजित होंगे। हॉकी के खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने का मौका 7 और 8 जनवरी को रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में मिलेगा।

      प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चूंकि यह आयोजन विशेष रूप से ट्राइबल गेम्स है, इसलिए चयन ट्रायल में केवल अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ी ही भाग लेने के पात्र होंगे। इन ट्रायल्स से चयनित खिलाड़ी आगामी 14 फरवरी 2026 से संभावित मुख्य आयोजन में हिस्सा लेंगे, जिसमें देश भर के लगभग 2500 खिलाड़ियों के शामिल होने की सम्भावना है। बस्तर जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने जिले एवं क्षेत्र का नाम रोशन करें।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।