नशीली ट्रामोडोल कैप्सूल के साथ आरोपी गिरफ्तार, 6.43 लाख की खेप जब्त
जगदलपुर: बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बोधघाट क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली ट्रामोडोल कैप्सूल के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 15 पत्ता ट्रामोडोल कैप्सूल (कुल 120 नग, वजन 80.4 ग्राम) बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख 43 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पशुपति नाथ ठाकुर (उम्र 35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 16, थाना कोतवाली, जगदलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
👉 बस्तर पुलिस का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।