अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करें: कलेक्टर श्री हरिस एस
जगदलपुर, 13 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री हरिस एस. ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित कार्यालयीन समय पर उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। साथ ही फाइलों के त्वरित निपटारे के लिए ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री हरिस मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में उक्त निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), नरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), स्वच्छ भारत मिशन, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, पेंशन योजनाएं, खाद्य वितरण व्यवस्था सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री हरिस एस ने इस दौरान मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री प्रवास, कलेक्टर जनदर्शन, आमचो बस्तर डैशबोर्ड, जनशिकायत पोर्टल आदि के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बैठक में ब्लॉकवार रिपोर्ट के अनुसार जिले में प्रधानमंत्रीआवास निर्माण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नियमित तौर पर भ्रमण कर हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया जाए और जल्द से जल्द पूर्ण करने पर फोकस करें। कलेक्टर ने मनरेगा के अंतर्गत रोजगार उपलब्धता, ई-केवाईसी प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक जॉब कार्डधारी परिवारों को कार्य से जोड़ा जाए और लंबित भुगतान प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने बैठक में बस्तर क्षेत्र विकास प्राधिकरण एवं डीएमएफटी से स्वीकृत कार्यों तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी ली गई। लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए अधिकारियों को ऐसे स्थानों पर आधार शिविर आयोजित करने कहा। साथ ही आधार रिवरिफिकेशन का कार्य भी तेजी से करने के निर्देश दिए। बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत नामांतरण, एग्रीस्टैक पंजीयन और पशुपालकों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड बनाने की समीक्षा की गई। खाद्य विभाग को खाद्यान्न एवं अन्य जरूरी सामग्रियों के भंडारण और बारदाना संग्रहण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति और छात्रों की अपार आईडी बनाने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मोतियाबिंद के ऑपरेशन, राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम (चिरायु) के तहत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य केन्द्र भवनों के निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।