जी राम जी योजना ग्रामीण विकास की दिशा में मील का पत्थर – मनीष पारख
13 जनवरी 2026 रायपुर/ केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई वीबी–जी राम जी योजना को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक मनीष पारख ने तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दों की कंगाली से जूझ रही है और अब जनकल्याणकारी योजनाओं का विरोध कर गरीब विरोधी चेहरा उजागर कर रही है!
मनीष पारख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए पूरी तरह समर्पित होकर काम कर रही है। विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 के तहत अब रोजगार की गारंटी 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। साथ ही मजदूरी का भुगतान 7 दिनों के भीतर अनिवार्य किया गया है, विलंब होने पर मुआवजे का भी प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका, जल सुरक्षा, अधोसंरचना और कौशल विकास को नई गति देगी। खेती के सीजन में कार्य स्थगन का प्रावधान किसानों के हित में है। यह अधिनियम फर्जी मस्टर रोल पर रोक लगाएगा, पलायन रोकेगा और महिला स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाएगा।