एसआईआर के तहत मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य का भारत निर्वाचन आयोग ने किया निरीक्षण

Jan 16, 2026 - 20:16
Jan 16, 2026 - 20:19
एसआईआर के तहत मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य का भारत निर्वाचन आयोग ने किया निरीक्षण
CG VARTA -

जगदलपुर, 16 जनवरी 2026/ भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर श्री मनीष गर्ग ने शुक्रवार को एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के अंतर्गत मतदाता सूची शुद्धिकरण हेतु प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवेदकों द्वारा प्रस्तुत आवश्यक दस्तावेजों का भी गहन परीक्षण किया।

        निरीक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के प्रमुख सचिव श्री अरविंद आनंद एवं छतीसगढ़ राज्य के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री भोस्कर विलास संदीपन भी उपस्थित रहे। आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के दल ने शुक्रवार को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय तथा तहसील कार्यालय जगदलपुर का निरीक्षण किया, जहां मौके पर प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण किया जा रहा था।

         सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर श्री गर्ग ने ईआरओ एवं डीईओ लॉगिन के माध्यम से दावा-आपत्ति प्रकरणों में आवेदकों द्वारा अपलोड किए गए दस्तावेजों का परीक्षण किया तथा उनके सत्यापन की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने दस्तावेज अपलोड करने, जांच एवं निराकरण की संपूर्ण प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

          इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हरिस एस, एसडीएम श्री ऋषिकेश तिवारी एवं तहसीलदार श्री राहुल गुप्ता उपस्थित थे। अधिकारियों द्वारा आयोग के दल को प्राप्त दावा-आपत्तियों की स्थिति, उनके निराकरण की प्रगति एवं अपनाई जा रही प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।आयोग के अधिकारियों ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए दस्तावेजों के सत्यापन एवं निराकरण प्रक्रिया को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।