बाल देखरेख संस्था अधीक्षक' परीक्षा 18 जनवरी को ,जगदलपुर के दो परीक्षा केंद्रों में 1045 अभ्यर्थी होंगे शमिल

परीक्षा केंद्रों में उड़न दस्ता दल की रहेगी कड़ी नजर

Jan 17, 2026 - 13:58
बाल देखरेख संस्था अधीक्षक' परीक्षा 18 जनवरी को ,जगदलपुर के दो परीक्षा केंद्रों में 1045 अभ्यर्थी होंगे शमिल
CG VARTA -

जगदलपुर, 17 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत 'अधीक्षक (बाल देखरेख संस्था)' के पदों पर भर्ती के लिए रविवार, 18 जनवरी को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर बस्तर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री हरिस एस के निर्देशानुसार प्रशासनिक अमले ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा, जिसके लिए जगदलपुर शहर में दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 1045 अभ्यर्थी अपना भाग्य आजमाएंगे, जिनमें से शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 545 और जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 500 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

      परीक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री नंदनी साहू को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं एक विशेष उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जिसमें नायब तहसीलदार श्री डोमन लाल, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख श्री ब्रज भूषण देवांगन और सहायक उप निरीक्षक श्री राजकुमार शामिल हैं। यह दल लगातार केंद्रों का भ्रमण कर कड़ी निगरानी रखेगा। आयोग ने इस बार सुरक्षा मानकों को लेकर बेहद सख्त रवैया अपनाया है, जिसके तहत केंद्रों में जैमर लगाए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार के संचार साधनों का दुरुपयोग न हो सके। प्रवेश के समय प्रत्येक केंद्र पर तैनात तीन महिला और तीन पुरुष पुलिसकर्मी मेटल डिटेक्टर के जरिए अभ्यर्थियों की गहन तलाशी लेंगे।

         अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने ड्रेस कोड को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं जिनका पालन अनिवार्य है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में जूते या मोटे सोल वाले फुटवियर पहनने की अनुमति नहीं होगी, उन्हें केवल पतले सोल वाली चप्पलें या स्लीपर पहनकर ही आना होगा। कपड़ों के रंगों को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है; काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी या गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पूर्णतः प्रतिबंधित हैं और अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने होंगे। ठंड को देखते हुए बिना पॉकेट वाले साधारण स्वेटर पहनने की छूट दी गई है, हालांकि सुरक्षा जांच के दौरान उसे उतारकर दिखाना पड़ सकता है। इसके अलावा, जींस या कार्गो पैंट की जगह केवल सामान्य पैंट पहनने की सलाह दी गई है।

       परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए समय की पाबंदी अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी ताकि फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पूर्व यानी सुबह 9:45 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थी अपने साथ केवल प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र, नीला या काला बॉलपॉइंट पेन और पारदर्शी पानी की बोतल ही ले जा सकेंगे, जबकि स्मार्ट वॉच, मोबाइल या किसी भी अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को भीतर ले जाना सख्त मना है।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।