छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का चित्रकोट में आज शुभारंभ
जगदलपुर,17 जनवरी 2026/विश्व शांति एवं आत्मरक्षा संगठन (डब्लू.एस.डी.ओ) के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ आज 17 जनवरी 2026 से चित्रकोट जलप्रपात क्षेत्र में किया गया। यह चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 20 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन चित्रकोट के दंडामी स्थित रिजॉर्ट चित्रकोट परिसर में किया गया है।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि चित्रकोट सरपंच श्री भंवर मौर्य द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है, विशेषकर महिलाओं और युवाओं के लिए। ऐसे प्रशिक्षण शिविर समाज को सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। शिविर का संचालन प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। प्रशिक्षकों द्वारा आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों, आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपायों तथा मानसिक मजबूती पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।