नवपदस्थ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने अधिकारियों के परिचयात्मक बैठक में कहा अपने कार्य में करें बेहतर प्रदर्शन

Jan 23, 2026 - 21:18
नवपदस्थ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने अधिकारियों के परिचयात्मक बैठक में कहा अपने कार्य में करें बेहतर प्रदर्शन
CG VARTA -

जगदलपुर, 23 जनवरी 2026/ बस्तर जिले की कमान संभालते ही नवपदस्थ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने प्रशासनिक अमले में नई ऊर्जा भरने और कार्यप्रणाली में बदलाव लाने जिले के अधिकारियों के साथ अपनी पहली परिचयात्मक बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने कार्यों में गुणवत्ता और बेहतर प्रदर्शन करें। कलेक्टर ने अधिकारियों को टीम भावना के साथ जिले के समग्र विकास हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि बस्तर अन्य जिलों की तुलना में एक बेहतरीन और संभावनाओं वाला जिला है। यहाँ सेवा करने का जो अवसर और जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारी ऐसा कार्य करें जो लंबे समय तक बना रहे और एक मिसाल कायम करे। उनका मानना है कि जब अधिकारी अपने विभाग की बुनियादी समस्याओं को जड़ से दूर करते हैं, तो इससे न केवल प्रशासन सुदृढ़ होता है, बल्कि अधिकारी की स्वयं की छवि भी निखरती है। मैदानी स्तर पर प्रशासन की पकड़ मजबूत बनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर ने एक निरीक्षण रोस्टर लागू करने पर बल दिया। साथ ही हरेक ग्राम पंचायत के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने कहा। उन्होंने सभी अनुविभागीय दंडाधिकारियों को निर्देश दिए कि अब प्रत्येक एसडीएम को अनिवार्य रूप से प्रति सप्ताह दो-दो स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, सार्वजनिक उचित मूल्य की दुकान, छात्रावास और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करना होगा। इसके अतिरिक्त सभी अधिकारियों को भ्रमण एवं विकास कार्यों के मॉनिटरिंग के लिए भी एक विशेष दिन निर्धारित करने को कहा गया है।

         कलेक्टर ने बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह, दलपत सागर दीपोत्सव और बस्तर पण्डुम के आयोजन हेतु चर्चा कर तैयारी पर ध्यान केंद्रीत किए जाने के निर्देश सर्व सम्बंधित अधिकारियों को दिए। वहीं विभागीय समीक्षा बैठकों में उन्होंने पूरी अद्यतन जानकारी और तैयारी के साथ उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने कहा। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, श्री ऋषिकेश तिवारी और श्री प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे सहित जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।