जगदलपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की नई मिसाल ,कुम्हारपारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र

शहर के सभी केंद्र अब 'नेशनल स्टैण्डर्ड' पर

Jan 25, 2026 - 19:54
जगदलपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की नई मिसाल ,कुम्हारपारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र
CG VARTA -

जगदलपुर, 25 जनवरी 2026/ बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर के लिए यह एक अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है क्योंकि यहाँ की स्वास्थ्य सेवाओं ने राष्ट्रीय पटल पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध कर दी है। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुम्हारपारा को भारत सरकार द्वारा 'राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक प्रमाण पत्र' से नवाजा गया है। इस उपलब्धि के साथ ही जगदलपुर ने एक विशेष कीर्तिमान स्थापित कर लिया है, जिसके तहत अब शहर के तीनों शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुम्हारपारा, धरमपुरा और गीदम रोड राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं और शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों को पूरा करते हैं।

 

       इस सफलता की इबारत कलेक्टर महोदय और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कुशल मार्गदर्शन में लिखी गई। उनके निर्देशन में अस्पताल ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण टीम द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान 12 विभिन्न और कड़े पैमानों पर अपनी उत्कृष्टता साबित की। केंद्रीय टीम ने अपने मूल्यांकन में पाया कि अस्पताल में दवाइयों और उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपचार की गुणवत्ता उच्च स्तरीय है। इसके अतिरिक्त, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन और कर्मचारियों की कार्यकुशलता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य केंद्र का प्रदर्शन सराहनीय रहा। निरीक्षण में न केवल नैदानिक सेवाओं को परखा गया, बल्कि रोगियों की संतुष्टि, सामुदायिक स्तर की सेवाओं, जन-जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भी गहराई से मूल्यांकन किया गया, जिसके आधार पर यह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।

     

   शहर की इस बड़ी उपलब्धि पर महापौर श्री संजय पांडेय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि जगदलपुर शहर के तीनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुम्हारपारा, धरमपुरा और गीदम रोड अब राष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और शहरवासियों को बधाई देते हुए इसे पूरे शहर के लिए गर्व की बात बताया।

         

      वहीं, शहरी जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री पी.डी. बस्तिया ने इस प्रमाणन को चिकित्सा के क्षेत्र में एक "मील का पत्थर" करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सफलता रातों-रात नहीं मिली है, बल्कि यह शहरी स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अटूट समर्पण और कर्तव्य निर्वहन का परिणाम है। इस प्रमाण पत्र का मिलना इस बात का संकेत है कि जगदलपुर के नागरिक अब अपने ही शहर में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।