उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने ‘आमचो बस्तर क्लब’ में क्रिकेट बॉक्स का किया लोकार्पण, मैदान पर आजमाए हाथ

Jan 26, 2026 - 17:19
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने ‘आमचो बस्तर क्लब’ में क्रिकेट बॉक्स का किया लोकार्पण, मैदान पर आजमाए हाथ
CG VARTA -

जगदलपुर 26 जनवरी 2026/ बस्तर के युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए गणतंत्र दिवस का अवसर एक विशेष सौगात लेकर आया। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सोमवार को जगदलपुर स्थित ‘आमचो बस्तर क्लब’ में नवनिर्मित आधुनिक क्रिकेट बॉक्स यूनिट का विधिवत लोकार्पण किया। नगर पालिक निगम द्वारा जिला खनिज न्यास निधि के अंतर्गत 17 लाख 27 हजार रुपए की लागत से तैयार किया गया यह क्रिकेट बॉक्स शहर में खेल संसाधनों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

       लोकार्पण समारोह केवल रस्मी उद्घाटन तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें खेल भावना का जबरदस्त उत्साह भी देखने को मिला। रिबन काटने के तुरंत बाद उप मुख्यमंत्री श्री साव ने स्वयं बल्ला थामकर पिच पर अपने हाथ आजमाए। इस दौरान महापौर श्री संजय पांडेय ने बाॅलिंग के माध्यम से अपनी फिटनेस का जौहर दिखाया।

 

       इसके साथ ही कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने भी गेंदबाजी का उम्दा प्रदर्शन किया। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने उत्साहपूर्वक क्रिकेट खेलकर वहां मौजूद युवाओं और नागरिकों को फिटनेस और खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया। उप मुख्यमंत्री के इस अंदाज ने वहां उपस्थित खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार किया।

    इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्री श्रीनिवास मिश्रा और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कमिश्नर श्री डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री सुन्दरराज पी, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।