बस्तर में शिक्षक पात्रता परीक्षा, परीक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर, 1 फरवरी को होने वाली परीक्षा के लिए उड़नदस्ता दल तैनात
नकल रोकने के लिए बनाए गए तीन विशेष दस्ते
जगदलपुर, 28 जनवरी 2026/ बस्तर जिला प्रशासन ने रविवार 1 फरवरी को आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा के निर्विघ्न और पारदर्शी संचालन के लिए कमर कस ली है। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा के दौरान नकल एवं अनुचित साधनों के प्रयोग पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। यह परीक्षा रविवार को दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक कक्षा एक से पाँच के अध्यापन पात्रता हेतु तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:45 बजे तक कक्षा छह से आठ के अध्यापन पात्रता हेतु आयोजित की जाएगी।
सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को पुख्ता करते हुए प्रशासन ने तीन अलग-अलग दलों को जिम्मेदारी सौंपी है। दल क्रमांक-1 का नेतृत्व नानगुर के नायब तहसीलदार श्री रोहन बीसी, ए.एस.एल.आर श्री राजेन्द्र नेताम और सहायक उप निरीक्षक श्री आनंद मरकाम करेंगे, जो शासकीय काकतीय पी.जी. कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज सहित अन्य निर्धारित केंद्रों में भ्रमण करेंगे. वहीं, दल क्रमांक-2 की कमान तोकापाल नायब तहसीलदार श्री जयेन्द्र लाल देवांगन, श्री गजेन्द्र सिंह और सहायक उप निरीक्षक श्री रविन्द्र राय के हाथों में होगी। यह दल शासकीय दन्तेश्वरी पी.जी. महिला महाविद्यालय और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्कूल जैसे प्रमुख केंद्रों की निगरानी करेगा. इसी प्रकार, दल क्रमांक-3 में बस्तर नायब तहसीलदार श्री नरेन्द्र कुमार पैंकरा, भानपुरी नायब तहसीलदार श्री चन्द्र कुमार साहू और सहायक उप निरीक्षक श्री कोमल सिन्हा को शामिल किया गया है, जो शहीद गुण्डाधूर कृषि कॉलेज, क्राईस्ट कॉलेज और बाहरी क्षेत्रों के स्कूलों का निरीक्षण करेंगे।