आकांक्षी विकासखंड तोकापाल में 'संपूर्णता अभियान 2.0' का शंखनाद ,विकास के सभी पैमानों पर 100% लक्ष्य हासिल करने का लिया गया संकल्प

Jan 31, 2026 - 20:22
Jan 31, 2026 - 20:22
आकांक्षी विकासखंड तोकापाल में 'संपूर्णता अभियान 2.0' का शंखनाद ,विकास के सभी पैमानों पर 100% लक्ष्य हासिल करने का लिया गया संकल्प
CG VARTA -

जगदलपुर, 31 जनवरी 2026/ बस्तर जिले के आकांक्षी विकासखंड तोकापाल में विकास की नई इबारत लिखने के उद्देश्य से 'संपूर्णता अभियान 2.0' का भव्य शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच अद्भुत समन्वय देखने को मिला, जहाँ सभी ने एक सुर में क्षेत्र के समग्र विकास का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन ने डेवलपमेंट पार्टनर के रूप में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे आयोजन को एक नई दिशा मिली।

          आयोजन के दौरान तोकापाल विकासखंड में जनकल्याणकारी गतिविधियों का तांता लगा रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिला सशक्तिकरण रहा, जहाँ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन  और इंटीग्रेटेड फॉर्मिंग क्लस्टर के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए 15 लाख रुपये के रिवॉल्विंग फंड का चेक सौंपा गया।

     

      इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग ने गर्भवती माताओं की गोद भराई और नन्हे शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराकर मातृ शक्ति को सम्मानित किया। दूसरी ओर शिक्षा विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने शैक्षणिक नवाचारों के माध्यम से भविष्य की उम्मीदें जगाईं, तो वहीं स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर लोगों को निरोगी काया का संदेश दिया। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की हाइपरटेंशन और डायबिटीज की जांच की गई और मौके पर ही हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

         

       इस गरिमामयी कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रमबती भंडारी, सीईओ श्रीमती नीलू तिर्की, उपाध्यक्ष श्री रितेश दास जोशी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पद्मनी कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने उत्साहवर्धन का कार्य किया। कार्यक्रम के अंत में एक भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब आया जब उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मंच से सम्मानित किया गया।

            इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक शपथ लेते हुए यह संकल्प दोहराया कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित सभी विकास संकेतकों में जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत संतृप्ति हासिल की जाएगी। यह अभियान तोकापाल के सतत विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।