धान उठाव में तेजी और स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर कलेक्टर का जोर
विकास कार्यों की समीक्षा
जगदलपुर, 31 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने शुक्रवार, 30 जनवरी को कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की। इस बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कलेक्टर ने बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय सीमा में पात्र हितग्राहियों तक पहुँचना चाहिए।
बैठक की शुरुआत जिले के 78 धान खरीदी केंद्रों की समीक्षा के साथ हुई, जहाँ कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन केंद्रों में खरीदी पूर्ण हो चुकी है, वहां से तत्काल खरीदी पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त किए जाएं। समीक्षा के दौरान धान उठाव की धीमी गति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने इसमें तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए और अधिकारियों को पाबंद किया कि भारतीय खाद्य निगम तथा नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा करने की कार्यवाही में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
कृषि एवं समाज कल्याण के मुद्दों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और एग्री स्टैक पंजीयन की प्रगति का जायजा लिया। महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने 'वजन त्योहार', टेक होम राशन वितरण और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सुचारू क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही, आंगनवाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, बच्चों के आधार सत्यापन और पोषण ट्रैकर में प्रविष्टि को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कलेक्टर ने संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण और 'वय वंदना योजना' की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से हाइपरटेंशन और ब्लड शुगर की जांच के लिए अभियान चलाने और निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, शिक्षा और अधोसंरचना विकास पर चर्चा करते हुए छात्रों की 'अपार आईडी' बनाने की स्थिति, समग्र शिक्षा के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों और छात्रावासों के निर्माण की प्रगति परखी गई। बैठक के अंत में कलेक्टर ने जिले में नए मोबाइल टावरों की स्थापना, शहरी क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों को भी समय पर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।