मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से डिजिटल क्रांति की ओर बढ़ता बस्तर

89 सुदूर गांवों में जल्द गूंजेगी 4G की रफ़्तार

Jan 31, 2026 - 20:35
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से डिजिटल क्रांति की ओर बढ़ता बस्तर
CG VARTA -

जगदलपुर, 31 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर अब विकास की नई इबारत लिखने को तैयार है। प्रदेश के सुदूर वनांचल क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और सुशासन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उनके संकल्प को धरातल पर उतारते हुए, बस्तर में फोर जी सैचुरेशन प्रोजेक्ट ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है। मुख्यमंत्री के प्रयासों और कड़े निर्देशों का ही परिणाम है कि कभी संपर्क से कटे रहने वाले बस्तर के अंदरूनी इलाकों में अब जल्द ही हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध होने जा रही है। इस दिशा में प्रशासन और भारत संचार निगम लिमिटेड ने कदम से कदम मिलाकर कार्य करना शुरू कर दिया है।

          मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप कार्य में तेजी लाते हुए बीएसएनएल ने जिला प्रशासन के सहयोग से कैट-7 योजना के तहत चिन्हित सभी 166 गांवों का प्राइमरी सर्वे शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। कार्य की अद्यतन स्थिति को लेकर बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक द्वारा अवगत कराया है कि 89 गांवों में टावर स्थापना की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। विभाग ने जिला प्रशासन से इन चिन्हित 89 गांवों में राजस्व और बीएसएनएल की संयुक्त टीम द्वारा जॉइंट सर्वे और जमीन आवंटन की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से पूर्ण करने का आग्रह किया है, ताकि मुख्यमंत्री के विजन के तहत इन क्षेत्रों में अविलंब बुनियादी ढांचा खड़ा किया जा सके। यह परियोजना बस्तर के लिए इसलिए भी ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि इसमें वे दुर्गम और संवेदनशील इलाके शामिल हैं जहां कनेक्टिविटी पहुंचाना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रही है। मुख्यमंत्री श्री साय के विशेष प्रयासों से अब बास्तानार, लोहंडीगुड़ा, बकावंड और झीरम घाटी से सटे दरभा जैसे क्षेत्रों के ग्रामीणों को भी डिजिटल दुनिया से जुड़ने का मौका मिलेगा।

              जानकारी के अनुसार आमादुला, बड़ेकिलेपाल, चांदामेटा, पखनार और चित्रकोट जैसे दर्जनों गांवों में टावर लगने से न केवल संचार व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाएं भी डिजिटल माध्यम से ग्रामीणों के घर-द्वार तक पहुंच सकेंगी। प्रशासन और बीएसएनएल अब 'मिशन मोड' में इन 89 साइटों पर एनओसी और सर्वे की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, जो बस्तर के सर्वांगीण विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।