बस्तर संभाग में धान खरीदी का महाअभियान में 13 लाख 55 हजार मीट्रिक टन धान की हुई बंपर आवक
जगदलपुर, 31 जनवरी 2026/ संभाग के सात जिलों में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी की प्रक्रिया अपने अंतिम चरणों की ओर बढ़ते हुए नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर द्वारा 31 जनवरी तक जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक संभाग के 382 उपार्जन केंद्रों पर अब तक कुल 13 लाख 55 हजार 914 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। इस अभियान में अब तक 2 लाख 25 हजार से अधिक किसानों ने अपनी उपज बेची है।
इस वर्ष की धान खरीदी में कांकेर जिला पूरे संभाग में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यहाँ के किसानों ने सर्वाधिक उत्साह दिखाते हुए 5 लाख 6 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान केंद्रों में बेचा है, जो कि पूरे संभाग की कुल खरीदी का एक तिहाई से भी अधिक हिस्सा है। कांकेर के बाद कोंडागांव ने 3.13 लाख मीट्रिक टन और बस्तर जिले ने 2.78 लाख मीट्रिक टन धान बेचकर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है। इस दौरान सहकारी समितियों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है, क्योंकि धान बेचने के साथ-साथ किसानों ने लगभग 797 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड ऋण वसूली भी जमा कराई है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आए सुधार का स्पष्ट संकेत है।
अब तक 3 करोड़ 22 लाख बारदानों का उपयोग किया जा चुका है और टोकन तुंहर हाथ योजना के तहत जारी किए गए 2,56,501 टोकनों में से 2,56,133 टोकनों पर खरीदी की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। यह लगभग 99.8 प्रतिशत की सफलता दर दर्शाता है।