"सत्य विकल्प नहीं, बल्कि एक दृढ़ संकल्प है" - सेजेस करीतगांव में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गूंजे विचार

Feb 1, 2026 - 18:59
"सत्य विकल्प नहीं, बल्कि एक दृढ़ संकल्प है" - सेजेस करीतगांव में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गूंजे विचार
CG VARTA -

जगदलपुर, 1 फरवरी 2026/ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजेस) करीतगांव में शुक्रवार 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पूरी गरिमा और श्रद्धा के साथ मनाई गई। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस 'शहीद श्रद्धांजलि दिवस' कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने बापू को नमन करते हुए उनके आदर्शों को याद किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की प्राचार्य श्रीमती मोनिता पानिग्राही ने महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर और तिलक लगाकर किया। इस दौरान व्याख्याता श्रीमती अनीता पानिग्राही और श्री लुप्तेश्वर आचार्य सहित अन्य वरिष्ठ शिक्षक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

             बापू के जीवन दर्शन से विद्यार्थियों को रूबरू कराते हुए व्याख्याता श्री राजेंद्र कलिहारी ने उनके बचपन के महत्वपूर्ण प्रसंगों को साझा किया। उन्होंने विशेष रूप से राजा हरिश्चंद्र के नाटक का उल्लेख किया, जिसे देखकर बालक मोहनदास के मन में सत्य के प्रति अटूट निष्ठा जागी थी। श्री कलिहारी ने इस घटना के माध्यम से विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को जीवन में सकारात्मक संदेश ग्रहण करने और सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।

              कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की प्राचार्य श्रीमती मोनिता पानिग्राही ने गांधीजी की जीवनी पर प्रकाश डाला और छात्रों को सफलता का मूल मंत्र दिया। उन्होंने 'सत्य' की परिभाषा को स्पष्ट करते हुए कहा कि "असत्य के बहुत सारे विकल्प होते हैं, परन्तु सत्य का कोई विकल्प नहीं होता क्योंकि सत्य एक दृढ़ संकल्प होता है।" उनके इस विचार ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों में एक नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के प्रभारी श्री राहुल सिंह ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और समस्त स्वयंसेवकों को राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर तत्पर रहने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री वाणी हुमने, श्री लोकेश निषाद सहित विद्यालय के समस्त स्वयंसेवक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।