तोकापाल में फाइलेरिया उन्मूलन का 10 फरवरी से शुरू होगा महाअभियान

प्रशासन ने तैयार की व्यापक रणनीति

Feb 4, 2026 - 15:48
तोकापाल में फाइलेरिया उन्मूलन का 10 फरवरी से शुरू होगा महाअभियान
CG VARTA -

जगदलपुर, 4 फरवरी 2026/ पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के साथ तोकापाल ब्लॉक को फाइलेरिया और कृमि के प्रकोप से मुक्त बनाने की दिशा में स्थानीय प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 10 फरवरी से शुरू होने वाले इस वृहद 'सामूहिक दवा सेवन' कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), श्री शंकरलाल सिन्हा की अध्यक्षता में एक अहम अंतर-विभागीय समन्वय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और कृषि विभाग के अधिकारियों ने एक मंच पर आकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया। बैठक में तहसीलदार श्रीमती यशोदा केतारप भी उपस्थित थीं।

                  बैठक के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ साव ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह महाअभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक निरंतर चलेगा। अभियान को सुव्यवस्थित रूप से चलाने के लिए इसे विभिन्न चरणों में बांटा गया है। शुरुआती तीन दिनों यानी 10 से 12 फरवरी तक आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में विशेष बूथ लगाए जाएंगे, जहाँ बच्चों और लक्षित जनसमुदाय को दवा का सेवन कराया जाएगा। इसके उपरांत अभियान को व्यापक रूप देते हुए 13 फरवरी से 22 फरवरी तक घर-घर भ्रमण का दौर शुरू होगा, जिसमें स्वास्थ्य कर्मी सीधे लोगों के घर जाकर उन्हें अपने सामने दवा खिलाएंगे। अंत में, 23 से 25 फरवरी तक उन लोगों के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा जो किसी कारणवश शुरुआती चरणों में दवा लेने से वंचित रह गए थे, ताकि कोई भी व्यक्ति इस सुरक्षा चक्र से बाहर न रहे।

                प्रशासन का पूरा जोर इस बात पर है कि जन-जन तक इस अभियान की महत्ता पहुँचे। इसके लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके तहत कार्यक्रम के एक दिन पूर्व पूरे क्षेत्र में मुनादी कराई जाएगी और मशाल रैली निकालकर जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, युवाओं और छात्रों को जोड़ने के लिए हायर सेकेंडरी स्कूलों में निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, तो वहीं सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से नारा लेखन और सूचनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बैठक के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और इस अभियान को एक जन-आंदोलन का रूप दें।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।