बस्तर में छात्रहित में बड़ा फैसला , कलेक्टर के निर्देश पर अपार आईडी बनाने की मुहिम तेज

चिह्नित स्कूलों में प्रशासनिक अधिकारियों को मिली 9 फरवरी तक की डेडलाइन

Feb 4, 2026 - 20:04
बस्तर में छात्रहित में बड़ा फैसला , कलेक्टर के निर्देश पर अपार आईडी बनाने की मुहिम तेज
CG VARTA -

जगदलपुर 04 फरवरी 2026/  बस्तर जिले में स्कूली छात्रों की अपार आईडी बनाने के कार्य को अब सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। समग्र शिक्षा, जिला परियोजना कार्यालय द्वारा जारी ताजा निर्देशों के अनुसार, जिला प्रशासन ने इस कार्य को मिशन मोड में पूरा करने का बीड़ा उठाया है। 3 फरवरी को कलेक्टर श्री आकाश छिकारा की अध्यक्षता में संपन्न हुई एक अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिले के चिन्हित स्कूलों में लंबित अपार आईडी का कार्य हर हाल में आगामी 9 फरवरी तक पूर्ण कर लिया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन भी उपस्थित थे। इस अभियान की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब यह कार्य केवल शिक्षा विभाग तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि एसडीएम और तहसीलदार जैसे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भी सीधे तौर पर इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

           जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत, प्रत्येक विकासखंड के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी और खंड स्रोत समन्वयक को अपने क्षेत्र के दो-दो स्कूलों की निगरानी का जिम्मा दिया गया है। प्रशासन का विशेष फोकस उन विद्यालयों पर है जहाँ अपार आईडी बनाने का काम बड़ी संख्या में लंबित है। उदाहरण के तौर पर बकावंड ब्लॉक के स्वामी आत्मानंद स्कूल करपावंड, जगदलपुर के धरमपुरा के साथ बस्तर, दरभा, लोहंडीगुड़ा और तोकापाल ब्लॉक के स्कूलों को भी इस विशेष अभियान में शामिल किया गया है।

              प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामित अधिकारी न केवल कार्यों की निगरानी करेंगे, बल्कि स्कूलों में आईडी निर्माण के दौरान आ रही समस्त तकनीकी समस्याओं का परीक्षण करते हुए उनका समाधान भी सुनिश्चित करेंगे। निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्य में जुट जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण में कोई बाधा न आए।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।