होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात, साय सरकार देगी 10 हजार करोड़ की अंतर राशि –मनीष पारख
12 फरवरी 2026,रायपुर/ माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक मनीष पारख ने राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त भुगतान करने के निर्णय को ऐतिहासिक और किसान हितैषी बताया है।
मनीष पारख ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में जो वादा किया था, वह माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप पूरा किया जा रहा है। किसानों को मिल रही यह सौगात वास्तव में “मोदी की गारंटी की गारंटी” है। उन्होंने कहा कि साय सरकार किसानों के समृद्ध भविष्य और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत धान के मूल्य के अंतर की राशि के रूप में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान होली से पहले एकमुश्त किया जाएगा।
पारख ने कहा कि समय पर बोनस और अंतर राशि का भुगतान कर साय सरकार ने भरोसे की नई मिसाल कायम की है और यह निर्णय सरकार के सुशासन और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि किसानों के खातों में राशि पहुंचने से वे होली का पर्व हर्षोल्लास से मना सकेंगे। साथ ही किसानों के हाथ में पैसा आने से बाजार में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे व्यापारियों, लघु उद्योगों और उनके कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। यह निर्णय प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला साबित होगा।
इस निर्णय के लिए मनीष पारख ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं मंत्रिमंडल के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।