विद्यार्थी अधिक से अधिक समय पढ़ाई को दें- कलेक्टर श्री आकाश छिकारा , कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने प्री एवं पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का किया निरीक्षण

अपार आईडी की प्रगति का भी लिया जायजा

Feb 12, 2026 - 21:49
विद्यार्थी अधिक से अधिक समय पढ़ाई को दें- कलेक्टर श्री आकाश छिकारा , कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने प्री एवं पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का किया निरीक्षण
CG VARTA -

जगदलपुर 12 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने गुरुवार को तोकापाल विकासखंड के दौरा निरीक्षण के दौरान तोकापाल के प्री एवं पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से चर्चा कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही छात्राओं से संवाद कर उनके भविष्य की योजनाओं पर मार्गदर्शन दिए।

       

           उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी अधिक से अधिक समय पढ़ाई को दें, पढ़ाई के साथ ही एक जागरूक नागरिक बनने के लिए आत्मनिर्भर व्यक्ति बनें और टीम भावना से काम करने की क्षमता का विकास करें। भविष्य में क्या बनना है इस हेतु अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए कक्षा नवमीं से बारहवीं तक प्रारंभिक तैयारियां कर लिया जाना चाहिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री प्रतीक जैन, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत भी उपस्थित रहे ।

             

        कलेक्टर श्री छिकारा ने छात्रावास परिसर, भोजन व्यवस्था, डाइनिंग हॉल, अध्ययन कक्ष, हेल्थ कैम्प, खेल सामग्री, शिक्षकों की उपस्थिति एवं छात्रावास हेतु प्राप्त सामग्रियों का पंजी संधारण का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में खुलकर बातचीत की तथा अधिकारियों को आवश्यक सुधार शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द ही नए भवन में छात्रावास को संचालित करें, जिसमें लाइब्रेरी और कम्प्यूटर की व्यवस्था हो, छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। कलेक्टर श्री छिकारा ने किलेपाल के सेजस स्कूल में अपार आईडी के प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने छात्रों के अपार आईडी पंजीयन में आ रही दिक्कतों का संज्ञान लेते हुए उनको दूर करने के संबंध में सीईओ जिला पंचायत श्री जैन से चर्चा की ।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।