धुरागाँव में कलेक्टर ने स्वच्छता दीदियों से की मुलाकात,ओडीएफ प्लस मॉडल विलेज बनाने पर हुई चर्चा
जगदलपुर 13 फरवरी 2026/ जिले के सभी विकासखंडों में दो गांवों को ओडीएफ प्लस मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने लोहड़ीगुड़ा विकासखंड के धुरागाँव में चौपाल लगाकर स्वच्छता दीदियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान गांव को स्वच्छ, सुंदर और टिकाऊ स्वच्छता व्यवस्था से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत अब केवल शौचालय निर्माण ही नहीं, बल्कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा निष्पादन और गांव की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने स्वच्छता दीदियों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि जनजागरूकता और सामुदायिक भागीदारी से ही गांव को ओडीएफ प्लस मॉडल बनाया जा सकता है।इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।

चौपाल के दौरान स्वच्छता दीदियों ने घर-घर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण और ग्रामीणों की सहभागिता से जुड़ी अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग दें। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट का किया अवलोकन
ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं को त्वरित और बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट का कलेक्टर श्री छिकारा ने गुरुवार को अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने यूनिट में उपलब्ध दवाइयों, उपकरणों और उपचार व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पशुपालकों की सुविधा के लिए चलाई जा रही यह मोबाइल यूनिट दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर पशुओं का उपचार सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यूनिट की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रत्येक गांव में समयबद्ध और निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।